सोनीपत - हरियाणा की खाप पंचायतों ने समाज सुधार और शादियों में बढ़ते खर्च को नियंत्रित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को गांव सिसाना में दहिया खाप की अध्यक्षता में अलग-अलग खापों की महापंचायत हुई, जिसमें एकमत से यह फैसला लिया गया कि अब सभी शादी समारोह दिन में आयोजित किए जाएंगे, रात में नहीं।
शादियों में बढ़ते खर्च और सुरक्षा की चिंता
महापंचायत में खाप प्रमुख और प्रतिनिधियों ने शादियों में फालतू खर्च, रात के कार्यक्रमों में होने वाली परेशानियों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। खाप प्रमुखों ने कहा कि दिन में शादियां करने से फालतू खर्च कम होगा, बुजुर्गों और महिलाओं को सुविधा मिलेगी, सुरक्षा की चिंता घटेगी और बिजली की खपत भी कम होगी।
खाप पंचायत का पालन अनिवार्य
महापंचायत में यह भी तय किया गया कि खाप से जुड़े सभी गांवों में इस फैसले की जानकारी दी जाएगी और समुदाय से इसका पालन करने की अपील की जाएगी। मीटिंग में मौजूद प्रतिनिधियों ने भी इसे लागू करने का संकल्प लिया।
सामाजिक मुद्दों पर मासिक बैठक
खाप पंचायत ने यह भी निर्णय लिया कि अब हर महीने के आखिरी शनिवार को सामाजिक मुद्दों और सुधारों पर चर्चा करने के लिए बैठक होगी। अगर कोई खाप प्रधान तय नियमों का उल्लंघन करेगा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
यह ऐतिहासिक कदम हरियाणा में सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इसे स्थानीय समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Comments (0)