कोलकाता: पुरनियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल के पूर्व अग्निशमन मंत्री और पूर्व तृणमूल विधायक सुजीत बोस को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार देर रात गिरफ्तारी के बाद मंगलवार सुबह उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके लिए ईडी अधिकारी उन्हें सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय से बिधाननगर अस्पताल लेकर पहुंचे।
कोर्ट में होगी पेशी
ईडी सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य जांच के बाद सुजीत बोस को बैंकशाल कोर्ट ले जाया गया, जहां उन्हें विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। अस्पताल और ईडी कार्यालय से निकलते समय उन्होंने मीडिया के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया।
अवैध नियुक्तियों का आरोप
ईडी का आरोप है कि दक्षिण दमदम नगर पालिका में अवैध तरीके से नौकरी दिलाने के लिए उम्मीदवारों के नाम की सिफारिश की गई थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस सूची में करीब 150 नौकरी उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। मामले में भ्रष्टाचार से जुड़े पैसों के बैंक खातों में ट्रांसफर होने की भी जांच की जा रही है।
पहले भी हुई थी पूछताछ
विधानसभा चुनाव से पहले ईडी ने कई बार सुजीत बोस को तलब किया था, लेकिन चुनावी व्यस्तताओं का हवाला देकर वे पेश नहीं हुए थे। बाद में हाई कोर्ट के निर्देश पर उन्होंने सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय में हाजिरी दी थी।
घर और दफ्तर पर भी छापेमारी
इससे पहले ईडी ने सुजीत बोस के घर, कार्यालय और उनके ढाबे पर भी छापेमारी की थी। अब गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज होने की संभावना है।