सूरत: गुजरात के सूरत में एक बार फिर भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। शनिवार को सूरत जिले के सचिन इलाके के उन पाटिया क्षेत्र में पुराने कपड़ों के कचरे से भरे एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। खरवासा कैनाल रोड स्थित एएनजी सोसाइटी के पास बने इस गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े का कचरा जमा किया गया था। देखते ही देखते आग ने गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठते काले धुएं और आग की ऊंची लपटों को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
मौके पर पहुंचीं दमकल की कई गाड़ियां, आग बुझाने में जुटे कर्मचारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग बुझाने के लिए पहले आठ दमकल गाड़ियों को रवाना किया गया था। वहीं, मौके पर दमकल की नौ गाड़ियों के पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है। दमकलकर्मियों ने बड़े पैमाने पर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग के एक बड़े हिस्से पर काबू पाया जा सका। हालांकि, गोदाम में भारी मात्रा में कपड़े का कचरा मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई और दमकलकर्मियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस अग्निकांड में गोदाम का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया।
करीब दो बीघा जमीन पर फैला था गोदाम, अवैध भंडारण का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एएनजी सोसाइटी के पास एक खुले प्लॉट में यह गोदाम बनाया गया था। करीब दो बीघा जमीन पर फैले इस परिसर में बड़ी मात्रा में पुराने कपड़ों के टुकड़े जमा किए गए थे। कपड़े के इन टुकड़ों को स्थानीय भाषा में 'छिंदी' कहा जाता है। आरोप है कि यहां कथित तौर पर अवैध तरीके से कपड़े का कचरा जमा किया जा रहा था। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कपड़ा मौजूद होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
आग लगने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर यह स्पष्ट नहीं है कि गोदाम में आग कैसे लगी। मामले की जांच की जा रही है। साथ ही, गोदाम में कपड़े के कचरे का भंडारण नियमों के तहत किया जा रहा था या नहीं, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।
28 सितंबर को भी सूरत में आग से जल गई थीं सात दुकानें
गौरतलब है कि सूरत में इससे पहले भी आग लगने की बड़ी घटना सामने आई थी। बीते 28 सितंबर को शहर में हुए एक अग्निकांड में कम से कम सात दुकानें जलकर खाक हो गई थीं। अब कपड़े के कचरे के गोदाम में लगी इस भीषण आग ने एक बार फिर शहर में अग्नि सुरक्षा और ज्वलनशील सामग्री के भंडारण से जुड़े नियमों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।