कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता एक बार फिर भीषण आग की चपेट में है। तपसिया के जीजे खान रोड स्थित एक बहुमंजिला इमारत में मंगलवार को विनाशकारी आग लगने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाथरूम में छिपकर बचाने की कोशिश, पर धुएं ने ली जान
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आग तपसिया के 50/1 जीजे खान रोड स्थित चार मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद पांच लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। खुद को बचाने के लिए ये सभी लोग बाथरूम में छिप गए, लेकिन वहां काले धुएं के कारण दम घुटने लगा। दमकल कर्मियों ने उन्हें रेस्क्यू कर नेशनल मेडिकल कॉलेज (National Medical College) भेजा, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया।
दमकल की 4 गाड़ियों ने पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल के चार इंजन मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। दमकल अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) लग रही है। हालांकि, घटना की पूरी जांच की जा रही है ताकि सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
इलाके में आतंक का माहौल
इस अग्निकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव और आतंक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है। अस्पताल में भर्ती तीन घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।