कोलकाता: पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने चार प्रत्याशियों की घोषणा की। पार्टी ने बाबुल सुप्रियो, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार, वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी और बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक को उम्मीदवार बनाया है।
पार्टी के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ये सभी उम्मीदवार टीएमसी की संघर्षशील विरासत को और सशक्त करेंगे तथा देश के हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। चुनाव आयोग ने 16 मार्च को 37 राज्यसभा सीटों पर मतदान कराने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ममता के करीबी रहे हैं राजीव कुमार
उम्मीदवारों की सूची में शामिल पूर्व डीजीपी राजीव कुमार को मुख्यमंत्री Mamata Banerjee का विश्वासपात्र माना जाता है। हाल ही में सेवानिवृत्त हुए राजीव कुमार ने कोलकाता पुलिस आयुक्त से लेकर डीजीपी तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं और कई संवेदनशील मामलों में उनकी भूमिका चर्चा में रही।
कोयल मल्लिक, दिग्गज अभिनेता रणजीत मल्लिक की पुत्री हैं और बंगाली फिल्म उद्योग की लोकप्रिय कलाकार के रूप में पहचान रखती हैं। उन्हें राजनीति में पहली बार अवसर मिला है। वहीं, मेनका गुरुस्वामी सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ वकील हैं, जो संवैधानिक मामलों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं और कलकत्ता हाईकोर्ट में टीएमसी से जुड़े प्रकरणों की पैरवी कर चुकी हैं।
बाबुल सुप्रियो पर पार्टी का भरोसा बरकरार
भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए बाबुल सुप्रियो पर पार्टी ने एक बार फिर विश्वास जताया है। वे वर्तमान में राज्य मंत्रिमंडल में अहम पद संभाल रहे हैं। पार्टी का यह चयन राजनीतिक अनुभव, प्रशासनिक दक्षता, कानूनी विशेषज्ञता और सांस्कृतिक प्रभाव का संतुलित संयोजन माना जा रहा है। विपक्ष ने इसे रणनीतिक कदम बताया है।
Comments (0)