प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को सुबह लगभग 11:30 बजे “विकसित भारत के लिए प्रौद्योगिकी, सुधार और वित्त” विषय पर आयोजित बजट पश्चात वेबिनार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे। इस वेबिनार में सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को बढ़ावा देने, अवसंरचना विकास को गति देने, बैंकिंग क्षेत्र में सुधार, वित्तीय तंत्र को सुदृढ़ बनाने, पूंजी बाजारों को मजबूत करने और कर सुधारों के जरिए नागरिकों के जीवन को अधिक सरल और सुगम बनाने जैसे अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।
बजट 2026-27 पर पहला वेबिनार
यह कार्यक्रम केंद्रीय बजट 2026-27 से जुड़े प्रमुख विषयों पर आयोजित बजट पश्चात वेबिनारों की श्रृंखला का पहला सत्र है। इसका उद्देश्य बजट घोषणाओं के प्रभावी और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
हितधारकों से मिलेगी संरचित प्रतिक्रिया
इन वेबिनारों के माध्यम से सरकार पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए प्रतिभागियों से संरचित सुझाव प्राप्त करेगी। वित्त वर्ष 2026-27 की बजट योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के व्यावहारिक अनुभवों और विशेषज्ञों की अंतर्दृष्टि का लाभ उठाया जाएगा। कार्यक्रम में उद्योग जगत, वित्तीय संस्थानों, बाजार प्रतिभागियों, सरकारी विभागों, नियामक संस्थाओं और शिक्षा क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सभी हितधारक मिलकर प्रमुख बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के मार्गों पर विचार-विमर्श करेंगे।
Comments (0)