कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरणों में है। 18वीं विधानसभा के संचालन के लिए आगामी 15 मई, शुक्रवार को नए अध्यक्ष (स्पीकर) का चुनाव होना तय हुआ है। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए माणिकतला निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित वरिष्ठ बीजेपी विधायक तापस रॉय को प्रोटेम स्पीकर (Pro-tem Speaker) नियुक्त किया गया है।
राज्यपाल दिलाएंगे शपथ
प्रोटेम स्पीकर के रूप में तापस रॉय आज शाम पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम 5:30 बजे राजभवन (लोकभवन) में राज्यपाल आर.एन. रवि उन्हें शपथ दिलाएंगे। शपथ लेने के बाद तापस रॉय आधिकारिक तौर पर प्रोटेम स्पीकर का कार्यभार संभालेंगे।
नवनियुक्त विधायकों को दिलाएंगे शपथ
प्रोटेम स्पीकर के रूप में तापस रॉय की मुख्य जिम्मेदारी विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह का संचालन करना होगी। उनकी देखरेख में ही सभी विधायक सदन की सदस्यता की शपथ लेंगे, जिसके बाद शुक्रवार सुबह 11:00 बजे नए स्थायी अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।
विधानसभा के पहले सत्र का आगाज
15 मई को होने वाले स्पीकर चुनाव के साथ ही नई विधानसभा का पहला सत्र औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा। वरिष्ठ राजनेता तापस रॉय, जो पहले भी सदन का हिस्सा रहे हैं, इस बार माणिकतला केंद्र से विजयी होकर आए हैं। उनकी नियुक्ति को सदन के सुव्यवस्थित कामकाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शुक्रवार को होने वाले इस चुनाव पर अब सबकी नजरें टिकी हैं कि बंगाल की नई विधानसभा की कमान किसके हाथों में सौंपी जाएगी।