Jaipur: प्रदेश के उत्तरी जिलों में आज घना कोहरा (Rajasthan Weather Update) रहा। बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और झुंझुनूं कोहरे से सबसे ज्यादा प्रभावित जिले रहे। यहां कोहरे के कारण तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। जयपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के जिलों में आज मौसम साफ है। यहां तापमान सामान्य है।
उत्तर भारत में खत्म हुआ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर अब खत्म हो गया है। इससे उत्तरी हवा अब सीधे मैदानी राज्यों में आना शुरू हो गई है। इस कारण अब दिन में शीतलहर चलने की संभावना है। कल (15 जनवरी) श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं में कोहरा छाने के साथ दिन में कोल्ड वेव चलने की आशंका है।
कोहरे के कारण 200 मीटर से भी कम रही विजिबिलटी
आज उत्तरी क्षेत्र में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 200 मीटर से भी (Rajasthan Weather Update) कम रही। कोहरे का प्रभाव जैसलमेर के सरहदी इलाकों में भी रहा। इधर, अलवर और भरतपुर के कुछ क्षेत्रों में आज सुबह हल्का कोहरा रहा। श्रीगंगानगर में कोहरे से मॉइश्चर इतना ज्यादा था कि सड़कें इतनी गीली हो गईं, मानो बारिश हुई हो। पेड़ों से पानी टपक कर सड़क पर बहता दिखा।
मौसम केंद्र ने जारी की ये चेतावनी
कोहरे के कारण आज पिलानी का न्यूनतम तापमान 3, जैसलमेर में 6.5, चूरू में 4.2, श्रीगंगानगर में 5.3 और सीकर में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम केंद्र जयपुर ने आज झुंझुनूं, सीकर और चूरू में दिन में हल्की सर्द हवा चलने की चेतावनी जारी है, जिससे यहां दिन में तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है।
माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु पर आया
हिल स्टेशन माउंट आबू में आज फिर से पारा गिरकर जमाव बिंदु यानी (Rajasthan Weather Update) जीरो डिग्री पर आ गया। शनिवार को यहां मिनिमम टेम्प्रेचर 2 डिग्री सेल्सियस था। माउंट आबू की वादियों में एक बार फिर हल्की बर्फ की परत जमी नजर आई। आबू में तापमान गिरने के साथ ही हल्की सर्द हवा भी चली।