Jaipur: लोकसभा चुनावों के मद्देनजर अब बीजेपी (Loksabha Election 2024) ने अपने सातों मोर्चों को समाज और वर्गों को साधने का टास्क दिया है। इसी के मद्देनजर आज बीजेपी मुख्यालय में सातों मोर्चों की बैठक बुलाई गई है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की अध्यक्षता में यह बैठक जारी हैं। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर भी मौजूद हैं।
मिशन-25 में जुटी भाजपा
बीजेपी लोकसभा चुनावों के लिए मिशन-25 में जुट गई हैं। इससे पहले बीजेपी ने प्रदेश के 40 प्रमुख नेताओं के साथ शुक्रवार को लोकसभा कार्ययोजना बैठक की थी। जिसमें प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों को 8 कलस्टर में बांटकर उनके कलस्टर इंचार्ज तय किए थे। इन कलस्टर इंचार्जों की आज दिल्ली में बैठक हो रही है। इससे पहले 13 जनवरी को बीजेपी कार्यालय में आयोजित हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में प्रदेश और जिला इकाइयों को लोकसभा चुनावों को लेकर टास्क दिए गए थे। इसके बाद अब बीजेपी ने सातों मोर्चों की बैठक बुलाई है।
जाति, समाज और वर्गों को साधने का टास्क
बीजेपी के सात मोर्चों में एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, किसान, महिला और युवा मोर्चा शामिल है। मोर्चों की इस संयुक्त बैठक में मोर्चा पदाधिकारी शामिल हुए, जिनको जाति, समाज और विशेष वर्ग को साधने का टास्क दिया गया है। इसके लिए आने वाले समय में विधानसभा चुनावों की तर्ज पर ही मोर्चों के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन बुलाने, इन वर्गों के लिए संचालित केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ इनको दिलाने सहित कई निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली में हो रही कलस्टर इंचार्जों की बैठक
उधर, पार्टी ने प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों (Loksabha Election 2024) को 8 कलस्टर में बांट कर इनके कलस्टर इंचार्ज तय कर दिए हैं। एक कलस्टर में 4 और सात में 3-3 लोकसभा सीटों को रखा गया हैं। इन कलस्टर इंचार्जों की आज दिल्ली में बैठक हो रही है। बीजेपी का टारगेट है कि इस बार भी प्रदेश में 25 में से 25 सीटें जीती जाए, लेकिन विधानसभा चुनाव में वोटिंग ट्रेंड देखते हैं तो लोकसभा की करीब 10-12 सीटें ऐसी है, जहां बीजेपी को कांग्रेस से कम वोट मिले थे। ऐसे में इस बार पार्टी लोकसभा सीटों को कलस्टर में बांट कर उस पर काम करेगी, ताकि जिन विधानसभा सीटों में पार्टी कमजोर है, वहां पर पार्टी को मजबूत किया जा सके।
इन नेताओं को बनाया कलस्टर इंचार्ज
प्रदेश में पार्टी ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, पूर्व उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, पूर्व कैबिनेट मंत्री व उपाध्यक्ष प्रभुलाल सैनी, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण पंचारिया और पूर्व प्रदेश पदाधिकारी रहे प्रसन्न चंद मेहता को कलस्टर इंचार्ज बनाया है।