Jaipur: अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के (Ram Mandir inaugration) दिन प्रदेश में ड्राई डे (सूखा दिवस) रहेगा। इसे लेकर वित्त (आबकारी) विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के तहत 22 जनवरी को प्रदेश में शराब की दुकानें और बीयर बार नहीं खुलेंगे। विभाग ने अपने आदेश में लिखा है- अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि में बन रहे मंदिर में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के चलते पूरे राज्य में 22 जनवरी 2024 को सूखा दिवस घोषित किया जाता है। इस दिन पूरे दिन शराब की दुकानें बंद रहेगी। शराब की दुकानों के बंद होने का समय राजस्थान में रात 8 बजे तय है। ऐसे में शराब की दुकानें 21 जनवरी रात 8 बजे बंद होगी, जो 23 जनवरी को सुबह ही खुलेगी।
प्रदेश में 5 दिन होता है ड्राई डे
प्रदेश में आबकारी विभाग के अनुसार साल में 5 दिन ड्राई डे तय किए हुए हैं। इसमें 26 जनवरी गणतंत्र दिवस, 30 जनवरी शहीद दिवस, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, 2 अक्टूबर गांधी जयंती और 21 अप्रेल महावीर जयंती को ड्राई डे तय है, लेकिन इस साल 22 जनवरी को भी ड्राई डे रहेगा।
जयपुर में नॉनवेज की दुकानें भी रहेगी बंद
जयपुर में 22 जनवरी को ड्राई डे के साथ-साथ नॉनवेज की दुकानें भी बंद रखने का फैसला लिया जा चुका है। जयपुर में हेरिटेज और ग्रेटर निगम क्षेत्र में सभी नॉनवेज की दुकानें बंद रहेगी। पहले हेरिटेज नगर निगम ने 22 जनवरी को नॉनवेज की दुकानों को बंद रखने का फैसला किया था। इसके बाद ग्रेटर नगर निगम ने भी इसे लेकर आदेश जारी कर दिए थे। इस दिन नगर निगम ग्रेटर में छुट्टी रहेगी और अधिकारी-कर्मचारी पूरे शहर में सजावट और दीपोत्सव के काम में जुटेंगे।
5 लाख दीपक की रोशनी से जगमग होगा जयपुर
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दिन जयपुर शहर 5 लाख दीपक (Ram Mandir inaugration) की रोशनी से जगमगाएगा। सभी बाजारों के व्यापार मंडल अपने-अपने बाजारों में रामोत्सव मनाएंगे। बाजारों में दीपावली की तरह ही सजावट की जाएगी। जिस व्यापार मंडल और बाजार की सजावट अच्छी होगी, उसे पुरस्कार भी दिया जाएगा। इस दिन हर चौराहे पर रंगोली भी बनाई जाएगी और रंगोली प्रतियोगिता भी होगी।
प्रदेश के मंदिरों में होगा लाइव टेलीकास्ट
रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को प्रदेश के लोगों को दिखाने के लिए राजस्थान में सरकार ने सभी सरकारी और निजी मंदिरों में विशेष आयोजन करने का फैसला किया है। देवस्थान विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टर को आदेश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने जिले के मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा का लाइव टेलीकास्ट स्क्रीन पर दिखाने की व्यवस्था करें। विभाग के उप शासन सचिव की ओर से जारी आदेशों में बताया कि 22 जनवरी को प्रदेश के सभी मंदिरों में विशेष सजावट, रोशनी और विशेष पूजा-श्रृंगार करवाया जाएगा। इस मौके पर हर मंदिर में एक स्क्रीन लगाई जाएगी, जिस पर अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट दिखाया जाए। इसके अलावा हर मंदिर में सत्संग या सुंदरकांड या हनुमान चालीसा का पाठ करवाया जाए और मंदिर में विशेष आरती के बाद प्रसाद का वितरण करवाया जाए।
निजी मंदिरों में निकायों और पंचायतों को व्यवस्था करने के निर्देश
शहरों में पंचायत स्तर पर स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं को निजी मंदिरों में ये व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, जबकि जिला मुख्यालय पर बने राजकीय मंदिरों में देवस्थान विभाग और बड़े निजी मंदिरों में उपखंड अधिकारी या कलेक्टर स्तर पर व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए हैं। आदेश में मंदिरों में दीप जलाकर रोशनी करने के भी निर्देश दिए हैं। इसके लिए हो सके तो गोबर के बने दीप या मिट्टी के दीपों का उपयोग किया जाए। इसके अलावा मंदिरों में विशेष साफ-सफाई करवाने और मंदिरों के मुख्य गेट और उसके आसपास के एरिया में बैनर-होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु यहां आकर उस दिन इस आयोजन में शामिल हो सके।