Jaipur: विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद अब बीजेपी आगामी लोकसभा चुनाव (Loksabha Election 2024) को लेकर तैयारी में जुट गई है। चुनावी रणनीति को लेकर जयपुर में दिल्ली रोड स्थित राजस्थली होटल में बैठक शुरू हो गई है। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शामिल नहीं हुईं। बताया जा रहा है कि उनकी बहू की तबीयत खराब होने के कारण वे बैठक में नहीं आ पाई हैं।
बैठक में ये मंत्री हुए शामिल
बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह, छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को सामने की तरफ जगह दी गई। लेकिन केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को उनके साथ जगह नहीं मिल पाई। इसके बाद शेखावत ने इशारा करके उन्हें सामने बुलाया और उनके लिए कुर्सी लगाई गई।
'इस बार देश में मोदी लहर'
बैठक में शामिल होने आए मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा- उन्होंने कहा कि इस बार देश में मोदी लहर, बीजेपी लहर, राम मंदिर लहर, कृष्ण मंदिर लहर, काशीनाथ मंदिर लहर चल रही हैं। राजस्थान में इतिहास बनेगा कि एक ही पार्टी लगातार तीन बार से सभी की सभी सीटें जीत रही है। इसी मुद्दे को लेकर आज चर्चा हैं। कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा- बीजेपी हर चुनाव को एक चैलेंज के रूप में लेती है। लोकसभा चुनाव को लेकर राजस्थान में जो चुनौती है। उसे हम स्वीकार करते हैं। हम दावा करते हैं कि इस बार भी हम लोकसभा की 25 में से 25 सीटें जीतेंगे।
कांग्रेस को लेकर क्या बोले अरूण सिंह
प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कल्याणकारी योजनाएं देश में चला रखी हैं। उन योजनाओं का लाभ आमजन को कैसे मिले, इस बात को लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा- राम मंदिर में देशवासियों के आस्था है। रामलला का भव्य मंदिर बना है। उसका उद्घाटन भी होगा। कांग्रेस के राजनीतिक लाभ लेने के सवाल पर कहा- जिसकी जैसी विचारधारा उसकी वैसी सोच।
राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भी चर्चा
बैठक में अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद भाजपा एक अभियान शुरू कर रही है। इसमें पूरे देशभर से ढाई करोड़ लोगों को राम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। राजस्थान से भी प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र से 20 हजार लोगों को राम मंदिर के दर्शन कराने की योजना है।
डिप्टी सीएम दीया कुमारी बैठक में नहीं हुई शामिल
बैठक में शामिल होने के लिए बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, वरिष्ठ नेता ओम माथुर, राजेन्द्र राठौड़, सतीश पूनिया के अलावा सीएम भजनलाल शर्मा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी होटल पहुंचें। उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा भी बैठक में शामिल हुए। हालांकि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल और उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी नहीं पहुंचें।