Jaipur: अयोध्या में 22 जनवरी को हो रही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा (Ram Mandir pran Pratishtha) के दौरान घर-घर होने वाले दीपोत्सव के साथ-साथ लोग आतिशबाजी भी करेंगे। ऐसे में जयपुर कमिश्नरेट ने पटाखा व्यापारियों को अस्थाई लाइसेंस देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में एडिशनल कमिश्नर कुंवर राष्ट्रदीप ने आदेश जारी कर 13 जनवरी तक पटाखा व्यापारियों से आवेदन मांगे हैं। ये लाइसेंस 18 से 23 जनवरी तक पटाखा बेचने के लिए मान्य होंगे।
जांच के बाद दिया जाएगा अस्थायी लाइसेंस
आवेदक को आवेदन पत्र के साथ प्रस्तावित स्थल का ब्लू प्रिंट मैप की 4 प्रतियां, जिसमें आस-पास और व्यावसायिक स्थल की स्थिति स्पष्ट रूप से अंकित हो, साथ ही 2 पासपोर्ट साइज फोटो, दुकान की स्पष्ट रंगीन फोटो और जगह के स्वामित्व संबंधित दस्तावेजों की प्रमाणित छाया प्रति संलग्न की जाए। ये आवेदन कार्य दिवस के दौरान कमिश्नरेट की लाइसेंसिंग शाखा में जमा कराना होगा। प्रस्तावित स्थल पर किसी का घर ना हो। जांच के बाद अस्थायी आतिशबाजी लाइसेंस जारी किए जाएंगे।
ग्रेटर नगर निगम में 22 जनवरी को अवकाश
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा (22 जनवरी) के दिन ग्रेटर नगर निगम कार्यालय (Ram Mandir pran Pratishtha) में अवकाश रहेगा, ताकि सभी कर्मचारी व अधिकारी अपने-अपने स्थान पर रामलला का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव यानी दूसरी दीपावली मना सकें। क्षेत्र की सभी मीट की दुकानें इस दिन बंद रहेंगी। साथ ही निगम शहर में 5 लाख दीप प्रज्ज्वलित कराएगा। वहीं, सभी बाजारों के व्यापार मंडल अपने-अपने बाजारों में रामोत्सव मनाएंगे। बाजारों में दीपावली की तरह ही सजावट की जाएगी। जिस व्यापार मंडल और बाजार की सजावट अच्छी होगी, उसे पुरस्कार भी दिया जाएगा। यह जानकारी नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर की अध्यक्षता में हुई व्यापार मंडलों, बाजारों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों व सचिवों की बैठक में दी गई।
रंगोली प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन
इस दिन हर चौराहे पर रंगोली भी बनाई जाएगी। रंगोली प्रतियोगिता भी होगी। बैठक में सभी व्यापार मंडलों ने 22 जनवरी को अपने-अपने स्तर पर किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। खातीपुरा व्यापार मंडल अध्यक्ष ने बताया कि मंडल की ओर से 15 हजार लड्डू बांटे जाएंगे। हर दुकान के बाहर 11-11 दीप प्रज्ज्वलित होंगे। सुबह 10 बजे से अगले दिन सुबह 10 बजे तक लगातार रामायण पाठ होगा। इसके साथ ही स्कूल व कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ राम भजन की प्रतियोगिता भी आयोजित करवाई जाएगी।
बैठक में व्यापारियों ने बताईं ये समस्याएं
महापौर के सुझाव मांगने पर व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों ने आवारा पशुओं, अतिक्रमण व बिजली के खुले तारों की समस्याएं बताईं। महापौर ने शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, टीवीसी की सदस्य रामवतार गुप्ता, झोटवाड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष भंवरलाल शर्मा, रेलवे स्टेशन व्यापार मंडल महामंत्री विष्णु शर्मा, सिंधी कैंप व्यापार मंडल अध्यक्ष गजानंद शर्मा, आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष शंकर शर्मा, मानसरोवर व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक जगा सहित 40 व्यापार संगठनों के अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, महामंत्री मौजूद रहे।
निर्धारित समय पर ही दो बार उठेगा कचरा
बैठक में महापौर ने सभी व्यापार मंडलों से अपील (Ram Mandir pran Pratishtha) की है कि वे नीला व हरा डस्टबिन अपनी दुकानों के बाहर रखे। निगम बाजारों से सुबह व रात में कचरा उठवाएगा ताकि दुकानों के बाहर कचरा फैला नहीं रहे। इस पर एमआई रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष ने तुरंत 500 डस्टबिन रखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर आयुक्त रुक्मणी रियार ने वॉकल फोर लोकल पर जोर देने का आह्वान किया। साथ ही शह के स्वच्छ रखने के लिए रामोत्सव के बाद फैले सामान को डिस्पोज कराने की व्यवस्था कराने के लिए भी कहा। इस दौरान बैठक में विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।