Jaipur: राजधानी जयपुर (Rajasthan Weather Update) में सुबह घना कोहरा छाया रहा। करीब 10 बजे धूप निकलने के बाद कोहरे से राहत मिली।
इन शहरों में छाया घना कोहरा
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर खत्म होने के साथ ही राजस्थान में फिर से तापमान गिरने लगा है। जयपुर, सीकर, भरतपुर समेत कई शहरों में रात से कोहरा छाने लगा, जो सुबह देर तक रहा। कई शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। अधिकांश इलाकों में सुबह गलन भरी सर्दी रही। सर्द हवा के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।
राजस्थान में सुबह शाम पड़ेगी तेज सर्दी
जयपुर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, दौसा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, टोंक, धौलपुर, करौली और बूंदी जिले में आज कोहरा रहा। इन शहरों में बीती रात भी कोहरा रहने से गलन रही।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले कुछ दिन अब उत्तरी हवा के असर से पूरे राजस्थान में सुबह-शाम सर्दी तेज रहेगी। कुछ जगहों पर पाला पड़ने जैसी स्थिति हो सकती है।
माउंट आबू में इतना रहा तापमान
माउंट आबू में (Rajasthan Weather Update) न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह वादियों में घना कोहरा छाया रहा। बीकानेर में आज न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 5 पर पहुंच गया। जैसलमेर और जोधपुर में भी मिनिमम टेम्प्रेचर में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, अजमेर और उदयपुर में मिनिमम टेम्प्रेचर में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। सुबह कोहरा भी छाया रहा।
दिन में धूप निकलने से मिली राहत
कल सुबह कई शहरों में कोहरा और बादल छाने के बाद दोपहर करीब 2 बजे धूप निकली। इससे दिन के तापमान में इजाफा हुआ और लोगों को सर्दी से राहत मिली। जयपुर में कल अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस जबकि भीलवाड़ा में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जोधपुर, डूंगरपुर, जालोर, बाड़मेर और उदयपुर में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। कल सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान उदयपुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
संक्रांति तक रहेगी तेज सर्दी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर खत्म होने के बाद अब उत्तर भारत से सर्द हवा सीधे मैदानी राज्यों में आना शुरू हो गई। इस कारण तापमान में गिरावट आई है। संभावना है कि अगले एक-दो दिन में मिनिमम टेम्प्रेचर में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। चूरू और झुंझुनूं में मिनिमम टेम्प्रेचर 4 डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे जा सकता है। इससे यहां फसलों में पाला पड़ने की भी आशंका है। मकर संक्रांति तक सर्दी तेज रहेगी।