Jaipur: चौमूं के एनएच 52 स्थित टांटियावास टोल (Rajasthan News) के पास एक जमीन के मामले को लेकर एक बुजुर्ग विधवा महिला ने पुलिस से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक न्याय गुहार लगाई। लेकिन बुजुर्ग महिला की कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला परेशान होकर शुक्रवार को चौमूं एसडीएम के दफ्तर में पहुंची। एसडीएम राजेश जाखड़ को एक ज्ञापन सौंपकर बुजुर्ग विधवा महिला ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की है।
भू माफिया कर रहे परेशान
जयपुर के विद्याधर नगर निवासी पीड़ित महिला मालती वशिष्ठ ने बताया कि मैं जिला शिक्षा अधिकारी के पद से रिटायर्ड हो चुकी हूं। मैंने साल 2009 में टांटियावास गांव में 600 वर्ग गज जमीन खरीदी दी थी। इस जमीन पर कुछ भूमाफियाओं की बुरी नजर हो गई है, वे लोग मेरी जमीन को अपना बता रहे हैं। जमीन पर अभी मेरा कब्जा है। लेकिन भू-माफिया श्रवण लाल गुर्जर सहित अन्य लोगों द्वारा मुझे लगातार परेशान किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों पर लगाया ये आरोप
महिला ने थानाधिकारी से लेकर जयपुर कमिश्नर तक न्याय (Rajasthan News) की गुहार लगाई है। लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं पीड़ित महिला ने एक पुलिस अधिकारी पर भी भू-माफियाओं के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया है। वहीं एसडीएम दफ्तर में बुजुर्ग विधवा महिला जब अपनी बातें एसडीएम को बताने लगी, तो उसकी आंखे भर आई। करीब 20 दिन पहले ही महिला के पति का देहांत हो गया। वहीं इस मामले को लेकर उपखंड अधिकारी राजेश जाखड़ ने बताया कि यह मामला मेरे क्षेत्राधिकार में नहीं है, जहां का यह मामला है। वहां पर रामपुरा डाबड़ी तहसील लगती है। फिर भी इस ज्ञापन को मैं जिला कलेक्टर महोदय को भेज रहा हूं। गौरतलब है कि बुजुर्ग विधवा महिला पिछले कई दिनों से न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। कभी पुलिस तो कभी प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय में चक्कर लगा रही है। लेकिन न्याय नहीं मिला।