Jaipur: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal) ने कहा- पिछली सरकार के समय इंदिरा रसोई योजना में धांधली की गई थी। इस योजना का पूरा फायदा नहीं मिल रहा था। इंदिरा रसोई का नाम बदल कर 'अन्नपूर्णा' रसोई किया। जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है और जिनके माध्यम से भ्रष्टाचार हुए हैं, हम उनकी जांच कराएंगे। जो भी दोषी पाया गया उसको सजा देने का काम भी हमारी सरकार करेगी। मंगलवार को उदयपुर के नाई गांव स्थित राजकीय विद्यालय के खेल मैदान में विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम को सीएम संबोधित कर रहे थे।
'इंदिरा रसोई गैस योजना में की जा रही थी धांधली'
सीएम ने कहा- इंदिरा रसोई योजना में न्यूनतम पेमेंट कर धांधली की जा रही थी, उस पर रोक लगाई है। हमारी सरकार ने इसमें मोटे अनाज को शामिल कर 450 की बजाय 600 ग्राम भोजन देना शुरू किया।
पेपर लीक केस को लेकर कही ये बात
भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal) ने कहा- राजस्थान में पेपर आउट से युवा परेशान थे। अब एसआईटी का गठन कर दोषियों को सजा दे रहे हैं। पेपरलीक को लेकर कमेटी बनाई, जिसका असर रहा कि हाल ही में बिना किसी बाधा के रविवार को राजस्थान में पेपर हुए हैं। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन कर गैंगस्टर पर लगाम लगाने का काम किया जा रहा है।
'भ्रष्टाचार किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा'
सीएम ने कहा- भ्रष्टाचार को किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा में सिर्फ नारे नहीं बल्कि योजनाओं का लाभ मिलने की गारंटी है। मोदी जो कहते हैं वो करते हैं। वही कहते हैं जो करते हैं। कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। इन शिविरों में छूटे पात्र लोगों को लाभ मिल रहा है।
'संकल्प यात्रा ले रही जनआंदोलन का रूप'
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प यात्रा भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए एक जन आंदोलन का रूप ले रही है। यात्रा शिविरों को लेकर राजस्थान कई मामलों में देशभर में अव्वल स्थान पर है। इनमें पीएम उज्ज्वला योजना में पंजीकरण और स्वास्थ्य कैम्पों में 28.62 लाख लोगों की टी.बी जांच और 47.40 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच कर प्रथम स्थान पर है। साथ ही, पीएम सुरक्षा बीमा में भी राज्य तीसरे स्थान पर हैं। अब तक शिविरों में 1 करोड़ 6 लाख से अधिक लोग हिस्सा ले चुके हैं। शिविरों में 3 लाख 51 हजार से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ किसानों तक पहुंचाया जा चुका है।
'सरकार युवाओं के विश्वास को टूटने नहीं देगी'
शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं (CM Bhajanlal) के विश्वास को टूटने नहीं देगी। सरकार बनते ही पेपर लीक मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई। मुख्य सचिव व डीजीपी स्तर से भर्ती परीक्षा की मॉनिटरिंग के निर्देश प्रदान किए गए हैं। पेपर लीक/नकल दोषियों के खिलाफ केस ऑफिसर स्कीम के तहत ट्रायल किया जाएगा। संगठित अपराधों के उन्मूलन के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन किया गया है।
अन्नपूर्णा योजना का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा रसोई योजना की खामियों को दूर कर श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना संचालित की जा रही है। इसमें समुचित पौष्टिकता के लिए भोजन सामग्री का वजन 450 ग्राम से बढ़ाकर 600 ग्राम कर दिया है। भोजन में अन्न जैसे बाजरा, ज्वार, रागी आदि शामिल किए हैं। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि योजना ऐसे स्थानों पर संचालित हो जहां अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले।
गहलोत सरकार को लेकर कही ये बात
शर्मा ने कहा कि गत सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों को संरक्षण देने के लिए केन्द्रीय जांच ब्यूरो को अनुसंधान हेतु दी गई सामान्य सहमति का निर्णय वापस ले लिया था। इससे कई प्रकरणों के अनुसंधान में विलम्ब एवं अपराध के साक्ष्य के नष्ट होने की आशंका बनी रहती थी। हमनें भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के मूल मंत्र का पालन करते हुए फिर से सहमति दे दी है।
इन प्रमुख योजनाओं का किया जिक्र
सीएम ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत लगे शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना, वन धन केंद्र, राजीविका, बैंक, उद्योग विभाग आदि स्टॉल पर पहुंचकर सम्पूर्ण जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद भी किया। साथ ही, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी को गैस कनेक्शन एवं चूल्हा और पीएम जीवन ज्योति योजना के लाभार्थियों को चैक वितरित किए।
आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिलाई शपथ
मुख्यमंत्री ने भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने के लिए आमजन को शपथ दिलाई। इस दौरान सांसद अर्जुन लाल मीणा, उप जिला प्रमुख पुष्कर तेली, पूर्व विधायक श्रीमती वंदना मीणा, पूर्व महापौर रजनी डांगी, पूर्व सभापति युधिष्ठिर कुमावत, बडगांव प्रधान प्रतिभा नागदा,भाजपा शहर अध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली, भाजपा नेता प्रमोद सामर, संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट, आईजी अजयपाल लांबा, जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल, एसपी डॉ भुवनभूषण यादव, टीएडी आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, एडीएम प्रशासन शैलेश सुराणा, एडीएम सिटी राजीव द्विवेदी उपस्थित रहे।
स्वामी विवेकानंद को नमन
आयोजन स्थल पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री सर्वप्रथम विद्यालय (CM Bhajanlal) खेल मैदान में लगी युवाओं के प्रेरणास़्त्रोत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सम्मुख पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामीजी की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि अर्पित कर नमन किया।
अफसरों से सीएम ने कहा आमजन का भरोसा न टूटे
मुख्यमंत्री शर्मा ने मंगलवार शाम संभागीय आयुक्त कार्यालय में संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्येय सबका साथ-सबका विकास है। जनता ने भरोसा किया है। हमारा दायित्व है कि अपने कर्तव्य को पूर्ण निष्ठा से निभाते हुए भरोसे को कायम रखें। सरकार की हर योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए अधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता के साथ काम करें।
संगठित अपराधों पर सख्ती से नकेल कसें
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार जीरो टॉलरेंट की नीति पर काम कर रही है। संगठित अपराधों पर सख्ती से नकेल कसें। मुख्यमंत्री ने विभागवार योजनाओं की जानकारी लेते हुए बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा सुविधाओं आदि की बिन्दूवार समीक्षा की। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए आगामी समय में प्रस्तावित कार्यों से भी अवगत कराया।
अभय कमांड सेंटर का हो समुचित उपयोग
बैठक में मुख्यमंत्री ने अभय कमाण्ड सेंटर के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अभय कमाण्ड सेंटर अपराध नियंत्रण में कारगर सिद्ध हो सकते हैं, बशर्त की उनका संचालन सुचारू रूप से हो। सेंटर के तहत लगे कैमरों का समय-समय पर रखरखाव किया जाए। इससे पूर्व आईजी लांबा ने अभय कमाण्ड सेंटर की पूरी प्रक्रिया बताई। चित्तौडगढ़ और राजसमंद पुलिस अधीक्षकों ने अभय कमाण्ड सेंटर की मदद से गंभीर अपराधों का समय रहते खुलासा करने में मिली सफलताओं की जानकारी दी।
प्रतिदिन के कार्यों का करें आत्म विश्लेषण
बैठक में मुख्यमंत्री का फोकस गुड गर्वनेंस पर रहा। उन्होंने कहा कि राज कार्य से आमजन को बदलाव महसूस होना चाहिए। अधिकारी अपने प्रतिदिन के कार्यों का आत्म विश्लेषण करें। विभागीय कार्यों की प्रॉपर मॉनिटरिंग हो, ताकि उनका लाभ आमजन को समय पर मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को दफ्तरों में अच्छी व्यवस्था और माहौल तैयार करने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था बनाना हमारे हाथ में है। जूनियर कार्मिक सीनियर की तरफ देखता है, उसे सही निर्देश दें, ताकि वह कार्य को समय पर और सही ढंग से संपादित कर सके।
मेवाड़ समूचे राजस्थान में विशिष्ट
मुख्यमंत्री शर्मा ने मेवाड़ के शौर्य, बलिदान को विश्व के लिए अनुकरणीय बताते हुए कहा कि मेवाड़ राजस्थान का विशिष्ट क्षेत्र हैं। यहां की माटी से आज भी महाराणा प्रताप की देशभक्ति, रानी पद्मिनी और हाड़ी रानी के बलिदान, पन्नाधाय की स्वामीभक्ति और मीरा के आध्यात्मिक समर्पण की महक आती है। यह क्षेत्र श्रीनाथजी, सांवलिया जी, एकलिंगनाथ, जगदीश जैसे मंदिरों की वजह से धार्मिक आस्थाओं का केन्द्र भी है।
ये मौजूद रहे बैठक में
संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट ने स्वागत करते हुए संभाग के सभी जिलों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिरीक्षक अजयपाल लांबा से संभाग में कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी ली। बैठक में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, गोगुन्दा विधायक प्रताप गमेती, जिला प्रमुख श्रीमती ममता पंवार, अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार, देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, एसीबी डीआईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल, संभाग के सभी पांच जिलों के कलक्टर्स और एसपी, सीसीएफ आर.के.जैन, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त महावीर खराड़ी सहित अन्य संभाग स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद अर्जुन लाल मीणा, विधायक फूलसिंह मीणा, विधायक ताराचंद जैन, उदयलाल डांगी, प्रताप गमेती आदि ने स्वागत किया। जिला प्रमुख ममता कुंवर, उप महापौर पारस सिंघवी, बड़गांव प्रधान प्रतिभा नागदा आदि उपस्थित रहे।