Jaipur: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की (Rajasthan Board) ओर से सत्र 2023-24 के लिए माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं प्रायोगिक परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया गया है। उच्च माध्यमिक स्तर की परीक्षाएं 29 फरवरी से तथा माध्यमिक स्तर की परीक्षाएं 7 मार्च से शुरू होगी। परीक्षा में 20 लाख से ज्यादा स्टूडेन्ट शामिल होंगे।
कब से शुरू होगी प्रायोगिक परीक्षाएं?
इसी तरह नियमित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 18 जनवरी से 14 फरवरी तक तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 15 फरवरी से 20 फरवरी के मध्य होगी। शनिवार को जयपुर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में आयोजित हाईपावर कमेटी की मीटिंग में परीक्षा व प्रायोगिक परीक्षा की तिथियों को मंजूरी दी गई।
इस तारीख से शुरू होगी बोर्ड की परीक्षाएं
बोर्ड सचिव मेघना चौधरी ने बताया कि उच्च स्तर (Rajasthan Board) से अनुमति के बाद परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। उच्च माध्यमिक स्तर पर परीक्षाएं 29 फरवरी से 04 अप्रेल तक आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षाएं प्रातः 08.30 से पूर्वाह्न 11.45 बजे तक होगी। माध्यमिक स्तर पर परीक्षाएं 7 मार्च से 30 मार्च तक आयोजित होगी। सभी परीक्षाएं प्रातः 08.30 से पूर्वाह्न 11.45 बजे तक होगी।
परीक्षा में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं-दिलावर
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी। इनका संचालन पारदर्शी तरीके से करने तथा नकल की रोकथाम के लिए हर सम्भव प्रभावी कदम उठाए जाएं। दिलावर शनिवार को शासन सचिवालय में उच्चाधिकार समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली, परीक्षाओं के संचालन सम्बंधी व्यवस्थाओं और प्रोटोकॉल से सम्बंधी प्रजेंटेशन के दौरान अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
प्रायोगिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सत्र 2023-24 के लिए प्रायोगिक परीक्षाओं (Rajasthan Board) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। उच्च माध्यमिक परीक्षा 2024 के नियमित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 18 जनवरी से 14 फरवरी तक तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 15 फरवरी से 20 फरवरी के मध्य होगी। प्रायोगिक परीक्षा से संबंधित विद्यालयों की सामग्री यथा उत्तर-पुस्तिकाएँ, ग्राफ पेपर, ड्रॉईंग शीट्स (भूगोल व चित्रकला प्रायोगिक परीक्षा हेतु) आदि बोर्ड द्वारा बनाए वितरण केन्द्रों पर भिजवाई जा रही है।
डाउनलोड करें एडमिट कार्ड, यहां करें कॉन्टेक्ट
स्वयंपाठी परीक्षार्थी अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर परीक्षा में प्रविष्ठ होंगे। प्रायोगिक परीक्षा के लिए परीक्षा प्रारम्भ से प्रायोगिक परीक्षा समाप्ति तक बोर्ड की गोपनीय शाखा में स्थापित नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 0145-2620739, 2623776 एवं तकनीकी (आईटी संबंधित) जानकारी के लिए 0145-2632865, 2627454 ई-मेल bserconf2018@gmail.com पर सम्पर्क किया जा सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय में भी नियंत्रण कक्ष इस अवधि में कार्यरत रहेगा। शाला प्रधान एवं नियुक्त बाह्य परीक्षकों के लिए प्रायोगिक परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी बोर्ड की वेबसाईट पर उपलब्ध है।