Jaipur: राजस्थान में इस सीजन में पहली बार शेखावाटी (Rajasthan Weather Update) में बर्फ जमी दिखी। रात में रही तेज सर्दी के कारण अलसुबह यहां खेतों में फसलों, कार के कांच, पानी के पाइप पर ओंस की बूंदें बर्फ में जमी नजर आई। सीकर के फतेहपुर में आज सीजन का सबसे कम तापमान माइनस 1.7 दर्ज हुआ। हिल स्टेशन माउंट आबू में भी आज पारा गिरकर माइनस 3 पर आ गया। यहां भी घास के मैदानों पर बर्फ की चादर जमी दिखी। वहीं, धौलपुर में कोहरे के कारण चार ट्रक टकरा गए। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले एक-दो दिन राज्य में सुबह-शाम गलनभरी सर्दी रहेगी, जबकि दिन में आसमान साफ रहने से धूप तेज रहेगी।
उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से बढ़ी ठंड
उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा के कारण आज अधिकांश शहरों में रात का मिनिमम तापमान गिरा है। सीकर, जयपुर, माउंट आबू, चूरू समेत कई शहरों में तापमान गिरने से यहां सुबह-शाम सर्दी तेज हो गई। माउंट आबू के अलावा सीकर, चूरू के ग्रामीण इलाकों में आज सुबह कई जगह बर्फ जमी नजर आई। घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों पर बर्फ की हल्की चादर जमी दिखी। सीजन में ये पहला मौका है, जब शेखावाटी में इतनी सर्दी रही हो। उधर उत्तरी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में कल रात में कोहरे की चादर रही। यहां आज सुबह भी कोहरा रहा और धूप देरी से निकली। इससे पहले कल भी यहां पूरे दिन कोहरा रहा, जिसके गंगानगर में कल दिन का अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज हुआ।
धूप निकलने से लोगों को राहत
लम्बे समय से कोहरे और धुंध के कारण धूप नहीं निकलने (Rajasthan Weather Update) से परेशान लोगों को अब राहत मिली है। बुधवार को राज्य के अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा और दिन में तेज धूप रही। आज भी जयपुर, अजमेर, कोटा, भीलवाड़ा, जोधपुर, उदयपुर, पाली समेत कई शहरों में सुबह से मौसम बिल्कुल साफ रहा और तेज धूप निकली है। धूप के चलते जयपुर में कल लम्बे समय बाद दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ।
इन शहरों में सीजन की सबसे ठंडी रात
राजस्थान में आज सीकर, चूरू, झुंझुनूं के साथ अलवर, गंगानगर में आज सीजन की सबसे ठंडी राहत रही। सीकर में आज पारा माइनस 0.5 पर दर्ज हुआ। चूरू में तापमान 1, झुंझुनूं में 2.2 और गंगानगर में 4.3 डिग्री सेल्सियस तापमान सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। सीकर शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों में आज मिट्टी पर बर्फ जम गई।
धौलपुर में कोहरे के कारण चार ट्र्क भिड़े
धौलपुर में छाया घना कोहरा गुरुवार सुबह तक जारी रहा। घने कोहरे की (Rajasthan Weather Update) वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर चार ट्रक आपस में टकरा गए। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी होने की वजह से हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। ट्रकों के आपस में टकराने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रकों को सड़क से हटाया गया। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी थी। जिस वजह से हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है