हनुमान जी का जन्मोत्सव हनुमान जयंती के रूप में पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन भक्त भंडारे, शोभायात्राएं और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करते हैं। मंदिरों में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ती है और वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
1 या 2 अप्रैल? जानें सही तारीख
हनुमान जयंती चैत्र माह की पूर्णिमा को मनाई जाती है। इस बार पूर्णिमा तिथि 1 अप्रैल सुबह 7:06 बजे से शुरू होकर 2 अप्रैल सुबह 7:41 बजे तक रहेगी।
ऐसे में तारीख को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है, लेकिन द्रिक पंचांग के अनुसार हनुमान जयंती 2 अप्रैल को मनाई जाएगी।
पूजा के शुभ मुहूर्त
हनुमान जयंती पर पूजा के लिए दो शुभ मुहूर्त मिल रहे हैं—
- सुबह: 6:10 बजे से 7:44 बजे तक
- शाम: 6:39 बजे से रात 8:06 बजे तक
इन मुहूर्तों में पूजा करना अत्यंत शुभ माना गया है।
हनुमान जयंती पूजा विधि
- सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ लाल या नारंगी वस्त्र धारण करें
- व्रत का संकल्प लें और पूजा स्थान को साफ करें
- चौकी पर कपड़ा बिछाकर हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित करें
- घी का दीपक जलाएं और सिंदूर, चंदन व चमेली का तेल अर्पित करें
- हनुमान चालीसा का पाठ करें और मंत्रों का जाप करें
- अंत में लड्डू का भोग लगाकर आरती करें
भक्ति और आस्था का विशेष दिन
यह पर्व न सिर्फ श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि शक्ति, साहस और समर्पण की प्रेरणा भी देता है। भक्त इस दिन बजरंगबली की कृपा प्राप्त करने के लिए पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं।