हिंदू धर्म में सप्ताह का हर दिन किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित होता है। सोमवार का दिन विशेष रूप से भगवान शिव की पूजा के लिए जाना जाता है। इस दिन भक्त व्रत रखते हैं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। मान्यता है कि भोलेनाथ अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा से जल्दी प्रसन्न होते हैं और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
सोमवार को न करें ये कार्य
सफेद वस्तुओं का दान और यात्रा से परहेज
सोमवार के दिन सफेद वस्त्र, दूध या सफेद चीजों का दान करने से बचना चाहिए। साथ ही इस दिन उत्तर, पूर्व और आग्नेय दिशा में यात्रा करना भी अशुभ माना जाता है।
माता-पिता से विवाद और कुल देवताओं का अपमान
इस दिन माता-पिता से किसी भी प्रकार का वाद-विवाद नहीं करना चाहिए। इसके अलावा कुल देवताओं का अनादर करने से भी बचना चाहिए, वरना जीवन में बाधाएं आ सकती हैं।
खान-पान में रखें सावधानी
सोमवार को बैंगन, सरसों का साग, काला तिल, मसालेदार भोजन और कटहल का सेवन नहीं करना चाहिए। इसके साथ ही काले, नीले, कत्थई और जामुनी रंग के कपड़े पहनने से भी परहेज करना चाहिए।
भगवान शिव को क्या न चढ़ाएं
इस दिन भगवान शिव को पीले रंग की मिठाई का भोग नहीं लगाना चाहिए और न ही काले रंग के फूल अर्पित करने चाहिए। इसे अशुभ माना जाता है।
व्यवहार और आचरण में रखें संयम
सोमवार के दिन किसी के साथ गलत व्यवहार न करें और तामसिक भोजन से दूर रहें। इस दिन शुद्धता, संयम और सकारात्मकता बनाए रखना बेहद जरूरी माना गया है।