मुंबई। ICC ने टी20 इंटरनेशनल की रैंकिंग फिर से अपडेट कर दी है। हालांकि पिछले सप्ताह कोई भी इंटरनेशनल मुकाबला नहीं हुआ, इसलिए इसमें बहुत ज्यादा बदलाव नजर नहीं आ रहे हैं, लेकिन इतना तो तय है कि भारत के दो बल्लेबाजों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने के लिए मिल रही है। ओपनर धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहले नंबर पर हैं, लेकिन ईशान किशन उन्हें चुनौती दे रहे हैं।
अभिषेक पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज हैं
ICC की टी20 रैंकिंग में अभी भारत के युवा धुरंधर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज हैं। पहले तो वे काफी आगे निकल गए थे, लेकिन अब उनकी जगह को खतरा भी नजर आने लगा है। साल 2025 में 931 की रेटिंग तक पहुंच जाने वाले अभिषेक शर्मा की अभी की रेटिंग 875 की है। हालांकि अभी जल्द उन्हें कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेलना है।
ईशान बने अभिषेक के लिए चुनौती
अब भारत के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन अभिषेक शर्मा के लिए चुनौती बन गए हैं। आपको बता दें कि, ईशान किशन ने आईसीसी की टी20 रैंकिंग में दूसरे नंबर की कुर्सी पर कब्जा जमा रखा है। उनकी रेटिंग 871 की है। यानी वे पहले नंबर के दावेदार बनते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि मई तक वे कोई भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेलेंगे, इसलिए यहीं पर उन्हें संतोष करना पड़ेगा। जब वे दोबारा इंटरनेशनल मैच के लिए मैदान में उतरेंगे, तब मजा आएगा।