नई दिल्ली - आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारत की 34 रन की हार के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिलने पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इस बीच भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वैभव में सीखने की जबरदस्त ललक है और वह हर समय मैदान पर उतरने के लिए उत्साहित रहते हैं।
डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं वैभव
यूके दौरे से पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में डेब्यू का मौका मिलेगा। हालांकि टीम मैनेजमेंट ने उन्हें अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया। भारत की हार के बाद इस फैसले को लेकर क्रिकेट विशेषज्ञों और फैंस ने सवाल उठाए।
अभिषेक शर्मा ने की जमकर तारीफ
मैच के बाद जब अभिषेक शर्मा से वैभव सूर्यवंशी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा - हमारी कोशिश है कि वैभव इस ग्रुप में पूरी तरह सहज महसूस करें। वह अभी काफी युवा हैं, लेकिन हर समय खेलने के लिए तैयार रहते हैं। वह लगातार सवाल पूछते हैं और हर चीज सीखने की कोशिश करते हैं। इससे पता चलता है कि उनमें सीखने की कितनी भूख है। अभिषेक ने कहा कि पूरी टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि वैभव को ऐसा महसूस हो कि वह भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं।
सीखने की ललक बनी सबसे बड़ी ताकत
भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी का सकारात्मक रवैया और हर परिस्थिति में सीखने की इच्छा उन्हें बाकी युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है।अभिषेक ने आगे कहा कि, वह सीनियर खिलाड़ियों से लगातार बातचीत करते हैं और खेल के हर पहलू को समझने की कोशिश करते हैं।
दूसरे टी20 में मिल सकता है मौका
पहले मुकाबले में हार के बाद माना जा रहा है कि भारतीय टीम दूसरे और निर्णायक टी20 मैच में कुछ बदलाव कर सकती है। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं। फैंस को उम्मीद है कि युवा बल्लेबाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित करने का अवसर मिलेगा।
टीम इंडिया के लिए अहम मुकाबला
भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि टीम इंडिया यह मैच जीतने में नाकाम रहती है तो उसे पहली बार आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवानी पड़ सकती है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट युवा खिलाड़ियों को मौका देने के साथ-साथ संतुलित संयोजन बनाने पर भी विचार कर सकता है।