नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद अपने करियर की नई पारी शुरू करने का फैसला किया है। रहाणे अब यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के पहले सीजन में नजर आएंगे। उन्हें एम्स्टर्डम फ्लेम्स ने अपनी टीम में मार्की खिलाड़ी के तौर पर शामिलकिया है। यह रहाणे का किसी विदेशी टी20 लीग में बड़ा कदम माना जा रहा है।

एम्स्टर्डम फ्लेम्स के लिए खेलेंगे रहाणे
अजिंक्य रहाणे ETPL के पहले सीजन में एम्स्टर्डम फ्लेम्स की ओर से खेलेंगे। इस टीम में उनके अलावा कई अंतरराष्ट्रीय सितारे भी मौजूद हैं। स्टीव स्मिथ, टिम डेविड, माइकल ब्रेसवेल और मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी टीम को मजबूत बनाती है। ETPL का पहला सीजन 26 अगस्त से शुरू होगा और 20 सितंबर तक चलेगा। यूरोप में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिहाज से इस लीग को अहम माना जा रहा है।
क्रिकेट को आगे बढ़ाने को लेकर उत्साहित
रहाणे ने लीग से जुड़ने पर कहा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और अब वह इस खेल को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने यूरोप में क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और नई प्रतिभाओं को सामने आने की संभावनाओं को लेकर भी उत्साह जाहिर किया।
ऐसा रहा रहाणे का अंतरराष्ट्रीय करियर
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला। हालांकि उनकी सबसे बड़ी पहचान टेस्ट क्रिकेट के भरोसेमंद बल्लेबाज के तौर पर बनी। उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट मैचों में 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे। उनका टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 188 रन रहा।
वनडे क्रिकेट में रहाणे ने 90 मैचों में 2,962 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके नाम 3 शतक और 24 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने भारत के लिए 20 मुकाबले खेले और 375 रन बनाए। रहाणे की कप्तानी में भारत ने कई मुश्किल परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया। खास तौर पर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 2020-21 की टेस्ट सीरीज में उनकी कप्तानी को याद किया जाता है, जब भारत ने एडिलेड टेस्ट में हार के बाद वापसी करते हुए सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।

IPL में भी रहा लंबा सफर
रहाणे का IPL करियर भी काफी लंबा और प्रभावशाली रहा है। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया। IPL में रहाणे ने 200 से ज्यादा मुकाबले खेलते हुए 4,800 से अधिक रन बनाए हैं। उनके नाम लीग में कई शानदार पारियां दर्ज हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और शुरुआती वर्षों में टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल रहे।

IPL में शतक से भी मचाया था धमाल
रहाणे IPL में शतक लगाने वाले चुनिंदा भारतीय बल्लेबाजों में भी शामिल हैं। उन्होंने अपनी तकनीकी बल्लेबाजी और पारी को संभालकर आगे बढ़ाने की क्षमता से कई मुकाबलों में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है। अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद विदेशी टी20 लीग में उनका अनुभव और बल्लेबाजी कौशल देखने को मिलेगा। ETPL में रहाणे के खेलने से न केवल एम्स्टर्डम फ्लेम्स को फायदा होगा, बल्कि यूरोप में क्रिकेट के विकास को भी एक अनुभवी भारतीय खिलाड़ी का अनुभव मिलेगा।