टीम इंडिया के पूर्व स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आगामी आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) पर कड़ी नाराज़गी जाहिर की है। अश्विन का मानना है कि जरूरत से ज्यादा आईसीसी टूर्नामेंट और टीमों के बीच बढ़ता क्वालिटी गैप दर्शकों की दिलचस्पी को लगातार कम कर रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप दर्शकों को बांधकर नहीं रख पाएगा
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए टीम इंडिया के पूर्व स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि इस बार का टी20 वर्ल्ड कप शायद दर्शकों को बांधकर नहीं रख पाएगा। अश्विन ने कहा - इस बार कोई भी टी20 वर्ल्ड कप देखने वाला नहीं है। भारत बनाम यूएसए, भारत बनाम नामीबिया जैसे मुकाबले वर्ल्ड कप से लोगों को दूर कर देंगे।
शुरुआती दौर में टक्कर देखने को नहीं मिलती
टीम इंडिया के पूर्व स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस दौरान आगे यह भी कहा कि टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले अब एकतरफा होते जा रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच खत्म हो रहा है। बड़ी और छोटी टीमों के बीच अंतर इतना बढ़ चुका है कि शुरुआती दौर में टक्कर देखने को नहीं मिलती।
वर्ल्ड कप रोचक होते थे - अश्विन
पूर्व भारतीय स्पिनर ने पहले के दौर की तुलना करते हुए कहा कि जब वर्ल्ड कप चार साल में एक बार आयोजित होते थे, तब दर्शकों में अलग ही उत्साह देखने को मिलता था। उस समय शुरुआती मैचों में भारत का सामना इंग्लैंड या श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों से होता था, जो मुकाबलों को ज्यादा रोचक बनाता था।
इसके साथ ही टीम इंडिया के पूर्व स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने व्यस्त इंटरनेशनल क्रिकेट शेड्यूल पर भी सवाल उठाए। आर अश्विन ने कहा कि हर साल किसी न किसी बड़े आईसीसी टूर्नामेंट के आयोजन से वर्ल्ड कप जैसे इवेंट्स की खास पहचान और उत्सुकता खत्म होती जा रही है।
2026 में एक बार फिर है टी20 वर्ल्ड कप
आपको बता दें कि 2010 के बाद से लगभग हर साल कोई न कोई आईसीसी टूर्नामेंट आयोजित किया गया है। 2020 का टी20 वर्ल्ड कप कोविड-19 के कारण 2021 में खेला गया, इसके बाद 2022 में टी20 वर्ल्ड कप, 2023 में वनडे वर्ल्ड कप, 2024 में टी20 वर्ल्ड कप और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हुआ। अब 2026 में एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप प्रस्तावित है।
Comments (0)