एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवान ने भारत के लिए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। अइची-नागोया में रविवार को हुए फाइनल में इलावेनिल ने 252.4 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहीं।
आखिरी शॉट तक गोल्ड की रेस में रहीं इलावेनिल
फाइनल में इलावेनिल और जापान की हिनाता ताइची के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा। आखिरी दो शॉट से पहले इलावेनिल महज 0.3 अंक पीछे थीं। उन्होंने अगले शॉट में 10.4 अंक हासिल किए, जबकि हिनाता ने 10.6 अंक बनाए, जिससे दोनों के बीच अंतर 0.5 अंक हो गया।
इसके बाद अंतिम शॉट ने मुकाबले का फैसला किया। इलावेनिल ने 10.1 अंक हासिल किए, जबकि हिनाता ने 10.2 का स्कोर बनाया। इस तरह जापानी निशानेबाज ने 253.0 अंकों के साथ गोल्ड और एशियन गेम्स रिकॉर्ड अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया की बान ह्यो-जिन ने 230.4 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
एक ही दिन में इलावेनिल के नाम दो सिल्वर
इलावेनिल वलारिवान के लिए यह दिन खास रहा। व्यक्तिगत स्पर्धा के सिल्वर से पहले वह महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी सिल्वर जीत चुकी थीं। इस टीम में उनके साथ सोनम मस्कर और विदार्सा विनोद शामिल थीं। भारतीय तिकड़ी ने कुल 1898 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
टीम स्पर्धा में चीन ने 1904.2 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता और विश्व रिकॉर्ड बनाया। जापान ने 1897.1 अंकों के साथ ब्रॉन्ज हासिल किया। भारत के लिए सोनम मस्कर ने 634.1, इलावेनिल ने 633.5 और विदार्सा ने 630.4 अंक जुटाए।
भारत के शूटिंग अभियान की शानदार शुरुआत
अइची-नागोया एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजी अभियान की शुरुआत ही सिल्वर मेडल के साथ हुई। टीम इवेंट में मिली सफलता के बाद इलावेनिल के व्यक्तिगत पदक ने भारत की शूटिंग पदक तालिका में एक और सिल्वर जोड़ दिया।
इससे पहले हांगझोउ एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजों ने कुल 22 पदक जीते थे, जिसमें 7 गोल्ड, 9 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज शामिल थे। अइची-नागोया में भी शूटिंग से भारत की पदक उम्मीदों को शुरुआती बढ़त मिली है।