जापान के नगोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। भारतीय खिलाड़ियों ने शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक 5 पदक अपने नाम किए हैं, जबकि एक पदक मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में आया है।
सोमवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। चीन के शेंग लिहाओ ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
10 मीटर राइफल में हिमांशु को सिल्वर, रुद्रांक्ष को ब्रॉन्ज
पुरुषों की 10 मीटर राइफल स्पर्धा के फाइनल में हिमांशु ढिल्लों ने 252.4 अंक हासिल कर सिल्वर मेडल जीता। वहीं रुद्रांक्ष पाटिल ने 230.9 अंक के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया।चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल जीता।इससे पहले भारतीय तिकड़ी ने टीम इवेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया था।
टीम इवेंट में भारत ने जीता सिल्वर
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों की भारतीय टीम ने 1890.1 अंक हासिल किए।भारत इस स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहा और उसे सिल्वर मेडल मिला। चीन की टीम 1899.9 अंकों के साथ पहले और दक्षिण कोरिया 1884.2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
शूटिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन
एशियन गेम्स में भारत के कुल 6 पदकों में से 5 पदक शूटिंग से आए हैं। निशानेबाजों के लगातार अच्छे प्रदर्शन से भारत की पदक तालिका में स्थिति भी मजबूत हुई है।वहीं एक पदक मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भारतीय खिलाड़ी ने हासिल किया है।
भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर
ताजा मेडल टैली के मुताबिक भारत 10वें स्थान पर है। चीन 14 गोल्ड समेत 23 पदकों के साथ पहले स्थान पर है। जापान 6 गोल्ड समेत 21 पदकों के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया 4 गोल्ड समेत 16 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।भारत के लिए शूटिंग में लगातार मिल रहे पदक प्रतियोगिता में उसकी स्थिति को बेहतर कर रहे हैं।