भोपाल डेस्क।एशियन गेम्स 2026 में भारत ने महिला कबड्डी के फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर तीसरा गोल्ड मेडल जीता।महिला कबड्डी के गोल्ड के साथ भारत की पदक संख्या 27 हो गई है, जिसमें 3 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
एशियन गेम्स 2026 में भारत ने तीसरा गोल्ड मेडल जीत लिया है। जापान के नागोया में शनिवार को महिला कबड्डी टीम ने रोमांचक फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
महिला कबड्डी में भारत का शानदार रिकॉर्ड
भारत की महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। 2026 का गोल्ड जीतकर टीम ने प्रतियोगिता में एक और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत ने 2010, 2014 और 2022 में भी महिला कबड्डी में गोल्ड जीता था, जबकि 2018 में टीम को सिल्वर मिला था।
पुरुष कबड्डी टीम का फाइनल भी आज
महिला टीम के गोल्ड के बाद अब भारतीय पुरुष कबड्डी टीम भी खिताबी मुकाबले में उतरेगी। पुरुष टीम का फाइनल ईरान के खिलाफ दोपहर 2:30 बजे निर्धारित है।
सावन बरवाल ने मैराथन में जीता सिल्वर
भारत को शनिवार को पुरुष मैराथन में भी रजत पदक मिला। सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ सिल्वर जीता और भारत का इस स्पर्धा में 44 साल का पदक इंतजार खत्म किया। एशियन गेम्स में पुरुष मैराथन का भारत का पिछला पदक 1982 में आया था।
शूटिंग में भी भारत को सिल्वर
महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद की भारतीय टीम ने रजत पदक जीता। इसके साथ शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या 11 हो गई।
भारत की मेडल टैली 27 पहुंची
महिला कबड्डी में गोल्ड के बाद भारत की कुल पदक संख्या 27 हो गई है। इनमें 3 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारत एशियन गेम्स की मेडल टैली में 12वें स्थान पर है।