स्पोर्ट्स डेस्क: जापान/नागोया (25 सितंबर 2026) एशियाई खेल 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने एक बार फिर देश का मान बढ़ाया है। शुक्रवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत की सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 484.6 अंक हासिल किए और नया एशियाई रिकॉर्ड कायम किया। यह विश्व रिकॉर्ड से महज 3.8 अंक दूर रह गया। इस जीत के साथ ही जारी एशियन गेम्स में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या दो हो गई है।
दबाव के क्षणों में दिखाया दम, दक्षिण कोरिया को दी मात
फाइनल मुकाबले में सुरुचि और कमलजीत ने शुरुआत से ही बढ़त बनाकर रखी। हालांकि, बीच में दक्षिण कोरियाई जोड़ी सुह्योन होंग और गेउन चू ने वापसी की कोशिश करते हुए अंतर को 1.2 अंक तक कम कर दिया था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव में अपना ध्यान भटकने नहीं दिया।18वें शॉट के बाद भारत की बढ़त 5.8 अंक हो गई थी, जो अंतिम राउंड तक बनी रही। अंतिम शॉट में सुरुचि ने 10.8 का स्कोर कर भारत की जीत पर मुहर लगा दी। दक्षिण कोरिया 478.0 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा और उसने रजत पदक जीता। वहीं, ईरान की टीम ने 415.8 अंक बनाकर कांस्य पदक हासिल किया।
व्यक्तिगत निराशा के बाद मिक्स्ड टीम में ऐतिहासिक वापसी
यह सफलता भारतीय दल के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले 10 मीटर एयर पिस्टल के व्यक्तिगत और टीम इवेंट में खिलाड़ियों को निराशा हाथ लगी थी। कमलजीत व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में नौवें स्थान पर रहकर फाइनल से चूक गए थे, जबकि सुरुचि 26वें स्थान पर रही थीं। हालांकि, दोनों ने इस निराशा को पीछे छोड़ते हुए मिक्स्ड टीम इवेंट के क्वालिफिकेशन दौर में 391 का स्कोर कर शीर्ष स्थान हासिल किया और फिर फाइनल में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
पुरुष 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में मिला सिल्वर मेडल
शूटिंग रेंज से भारत के लिए एक और अच्छी खबर आई। पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में भारत ने रजत पदक जीता। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (589), नीरज कुमार (588) और रुद्रांश पाटिल (585) की तिकड़ी ने कुल 1762 अंकों का स्कोर बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन (1766 अंक) ने जीता, जबकि दक्षिण कोरिया को कांस्य पदक मिला।नियमों के अनुसार व्यक्तिगत फाइनल में एक देश से अधिकतम दो खिलाड़ी ही भाग ले सकते हैं। क्वालिफिकेशन में ऐश्वर्य और नीरज के आगे रहने के कारण अब ये दोनों खिलाड़ी ही व्यक्तिगत फाइनल में भारत की दावेदारी पेश करेंगे।