चैंपियंस लीग क्वार्टर फाइनल के पहले लेग में रियल मैड्रिड को बायर्न म्यूनिख के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। घरेलू मैदान सैंटियागो बर्नाबेउ में खेले गए इस मुकाबले में रियल की लगातार गलतियां टीम पर भारी पड़ीं।
न्यूर का शानदार प्रदर्शन
मैच की शुरुआत से ही बायर्न ने दबाव बनाया। हालांकि रियल के एमबाप्पे और विनिसियस जूनियर ने कई हमले किए, लेकिन 40 वर्षीय गोलकीपर मैनुएल न्यूर दीवार बनकर खड़े रहे। उन्होंने कई शानदार बचाव किए और मैच के हीरो बने।
मिडफील्ड की गलती से बायर्न को बढ़त
40वें मिनट में रियल की मिडफील्ड में हुई बड़ी गलती का फायदा उठाते हुए लुइस डियाज ने बायर्न को 1-0 की बढ़त दिलाई। विनिसियस के मिस पास से मिला मौका बायर्न ने भुनाया।
हैरी केन ने बढ़ाई बढ़त
पहले हाफ के अंत में एक और गलती रियल को भारी पड़ी। इस बार मिडफील्ड में गेंद गंवाने के बाद हैरी केन ने शानदार दूरगामी शॉट से बायर्न की बढ़त 2-0 कर दी।
एमबाप्पे का गोल भी नहीं बचा सका मैच
दूसरे हाफ में रियल ने वापसी की कोशिश की। 73वें मिनट में किलियन एमबाप्पे ने गोल कर स्कोर 2-1 किया, लेकिन टीम बराबरी हासिल नहीं कर सकी। अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए रियल को दूसरे लेग में बायर्न के घर में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।
आर्सेनल की आखिरी मिनट में जीत
दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आर्सेनल ने स्पोर्टिंग लिस्बन को 1-0 से हराया। मैच के अंतिम क्षणों में काई हावर्ट्ज़ ने गोल कर टीम को अहम जीत दिलाई।
सेमीफाइनल के करीब आर्सेनल
मिकेल आर्टेटा की टीम इस सीजन चैंपियंस लीग में अब तक अपराजित है। दूसरे लेग में ड्र भी आर्सेनल को 18 साल बाद सेमीफाइनल में पहुंचा सकता है।