खेल डेस्क: आईपीएल (IPL) अब अपने अंतिम पड़ाव पर है, और इसके ठीक बाद टीम इंडिया का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शेड्यूल बेहद व्यस्त होने जा रहा है। भारत को देश और विदेश में तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेलनी है। इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय टीम को एक नया कोच मिलने जा रहा है, जो मुख्य कोच गौतम गंभीर की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। यह नया जिम्मा किसी और को नहीं, बल्कि पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) को दिया जा सकता है।
तो क्या छिन जाएगी गौतम गंभीर की नौकरी?
इस खबर के सामने आते ही फैंस के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या गौतम गंभीर की छुट्टी होने वाली है? तो आपको बता दें कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। दरअसल, इसके पीछे बीसीसीआई की एक सोची-समझी रणनीति है। इस साल सितंबर महीने में टीम इंडिया का शेड्यूल काफी ज्यादा पैक्ड है। इसी दौरान सितंबर में जापान में एशियन गेम्स (Asian Games) का आयोजन होना है। पिछली बार भारत ने इस टूर्नामेंट में अपनी रिजर्व खिलाड़ियों की टीम भेजकर गोल्ड मेडल जीता था। इस बार भी बीसीसीआई इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट को हल्के में नहीं लेना चाहता। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, व्यस्त शेड्यूल के चलते मुख्य कोच गौतम गंभीर सीनियर टीम के साथ रहेंगे, जबकि नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण एशियन गेम्स के लिए टीम के कोच बनकर जाएंगे।
एक ही समय पर खेलेंगी भारत की दो अलग-अलग टीमें
सितंबर-अक्टूबर के महीने में भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है। मुख्य कोच गौतम गंभीर इस सीनियर टीम के साथ वेस्टइंडीज दौरे पर रहेंगे। इसका मतलब है कि एक ही समय पर भारत की दो अलग-अलग टीमें मैदान पर खेलती दिखाई देंगी। इसके लिए बीसीसीआई 30 से 35 खिलाड़ियों का एक मजबूत पूल तैयार रख रहा है। वेस्टइंडीज सीरीज से पहले होने वाली आयरलैंड सीरीज में भी कई नए चेहरों को आजमाया जा सकता है।
युवाओं पर दांव, लेकिन सूर्या का पत्ता साफ?
एशियन गेम्स के लिए बीसीसीआई आईपीएल के प्रदर्शन के आधार पर करीब 30 खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार कर रहा है। इस टीम में वैभव सूर्यवंशी जैसे उभरते हुए युवा तुर्कों को मौका मिलने की पूरी संभावना है। युवाओं की इस लिस्ट में यश ठाकुर, बिप्राज निगम, अनुकूल रॉय और हर्ष दुबे जैसे नाम भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संभावित लिस्ट से स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का नाम गायब है। ऐसे में यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या सूर्या को इस फॉर्मेट से पूरी तरह ड्रॉप किया जा रहा है, या फिर उन्हें सीधे वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए सीनियर टीम में सुरक्षित रखा जाएगा? इसका फैसला आने वाले समय में ही साफ हो पाएगा।