मुंबई। IPL 2026 सीजन के बीच BCCI ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और फ्रेंचाइजियों के लिए अब तक की सबसे सख्त गाइडलाइन जारी कर दी है। राजस्थान रॉयल्स से जुड़े प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामलों के बाद बोर्ड ने सभी 10 टीमों के लिए 8 पन्नों की नई SOP लागू की है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कहा है कि अब अनुशासन और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
होटल रूम में बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक
नई गाइडलाइन के मुताबिक अब कोई भी बाहरी व्यक्ति—चाहे वह खिलाड़ी का करीबी रिश्तेदार ही क्यों न हो—टीम मैनेजर की लिखित अनुमति के बिना होटल रूम में प्रवेश नहीं कर सकेगा। खिलाड़ियों को किसी भी गेस्ट से सिर्फ लॉबी या पब्लिक एरिया में मिलने की अनुमति होगी।
‘हनी ट्रैप’ और सुरक्षा खतरे पर BCCI अलर्ट
बोर्ड की जांच में सामने आया कि कुछ खिलाड़ी बिना जानकारी दिए बाहरी लोगों को होटल में बुला रहे थे। BCCI ने इसे सुरक्षा और एंटी-करप्शन प्रोटोकॉल के लिए बड़ा खतरा माना है।
टीम मालिकों के लिए भी सख्त नियम
अब मैच के दौरान टीम मालिक ड्रेसिंग रूम, डगआउट या प्लेइंग एरिया में खिलाड़ियों से सीधे बातचीत या शारीरिक संपर्क नहीं कर सकेंगे। BCCI ने इसे भी प्रोटोकॉल उल्लंघन माना है।
वेपिंग और नशे पर पूरी तरह बैन
हाल ही में रियान पराग के ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते दिखने के बाद बोर्ड ने टूर्नामेंट वेन्यू, होटल और ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट और किसी भी प्रकार के नशे पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। BCCI ने चेतावनी दी है कि यह कानूनी अपराध की श्रेणी में भी आ सकता है।
नियम तोड़े तो बैन या पुलिस केस तक संभव
BCCI ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले खिलाड़ियों या स्टाफ पर भारी जुर्माना, कारण बताओ नोटिस, मौजूदा या अगले सीजन से निलंबन और गंभीर मामलों में पुलिस कार्रवाई तक हो सकती है।
हर मूवमेंट पर रहेगी नजर
अब खिलाड़ियों और स्टाफ को होटल से बाहर जाने से पहले सिक्योरिटी अधिकारियों से अनुमति लेना जरूरी होगा। BCCI समय-समय पर टीमों का ऑडिट और निरीक्षण भी करेगा।