मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच BCCI अब खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के व्यवहार को लेकर सख्त होता नजर आ रहा है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने साफ संकेत दिए हैं कि जल्द नए दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
टीम होटल और बस में अनधिकृत एंट्री पर सख्ती
BCCI के मुताबिक कुछ अनाधिकृत लोग खिलाड़ियों के साथ टीम बस में सफर कर रहे हैं और टीम होटल में भी ठहर रहे हैं। इतना ही नहीं, बिना अनुमति खिलाड़ियों और अधिकारियों के कमरों तक पहुंचने की शिकायतें भी सामने आई हैं। बोर्ड ने इसे एंटी-करप्शन प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना है और इसे लेकर कड़े कदम उठाने की तैयारी कर ली है।
हार्दिक-अर्शदीप समेत कई खिलाड़ी चर्चा में
IPL 2026 के दौरान कई खिलाड़ियों को अपनी पार्टनर के साथ टीम मूवमेंट में देखा गया। इनमें हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह और ईशान किशन जैसे नाम भी चर्चा में रहे। अब BCCI इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नए नियम लागू कर सकता है।
टीम मालिकों पर भी नजर
BCCI सिर्फ खिलाड़ियों ही नहीं, बल्कि टीम मालिकों और अधिकारियों पर भी सख्ती की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ टीम अधिकारी और मालिक उन इलाकों तक पहुंच रहे थे, जहां उन्हें अनुमति नहीं थी।
नियमों के अनुसार लाइव मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में टीम मालिकों की एंट्री प्रतिबंधित रहती है।
जल्द जारी होंगे नए दिशा-निर्देश
देवजीत सैकिया ने कहा कि खिलाड़ियों और अधिकारियों के आचरण में कुछ अनियमितताएं देखने को मिली हैं, इसलिए बोर्ड जल्द नई गाइडलाइन जारी करेगा ताकि IPL की सुरक्षा और पारदर्शिता बनी रहे।