बेंगलुरु - Indian Premier League 2026 में अपनी शानदार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान कर रहे भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे भुवनेश्वर इस समय पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।
मैंने लंबे लक्ष्य बनाना छोड़ दिया
लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के बाद क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञ उनकी टीम इंडिया में वापसी की मांग कर रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मुद्दे पर खुद भुवनेश्वर कुमार ने बेहद शांत और ईमानदार प्रतिक्रिया दी है। आरसीबी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि, मैं भारत में वापसी के बारे में नहीं सोच रहा। मैंने कई साल पहले लंबे लक्ष्य बनाना छोड़ दिया था, क्योंकि जब भी ऐसा किया, चीजें वैसी नहीं हुईं जैसी मैंने सोची थीं।
भारतीय टीम के लिए खेलने खुशी की बात
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने आगे कहा कि, उनके लिए सबसे बड़ी खुशी यह है कि उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलने और देश के लिए इतने विकेट लेने का मौका मिला। भुवी के इस बयान को क्रिकेट जगत में काफी परिपक्व और भावुक प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है। 36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार इस सीजन नई गेंद और डेथ ओवर दोनों में बेहद खतरनाक साबित हुए हैं।
भूवी ने IPL 2026 में अबत 21 विकेट हासिल किए
उन्होंने अब तक 11 मुकाबलों में 21 विकेट हासिल किए हैं और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अंक तालिका में मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। भुवनेश्वर का अनुभव और मौजूदा फॉर्म अभी भी भारतीय टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। उनकी स्विंग गेंदबाजी और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता उन्हें खास बनाती है। भुवनेश्वर कुमार भले ही टीम इंडिया मेंवापसी को लेकर ज्यादा नहीं सोच रहे हों, लेकिन उनका प्रदर्शन लगातार चयनकर्ताओं का ध्यान जरूर खींच रहा है।