फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉकआउट राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। गुरुवार को खेले गए ग्रुप-सी के मुकाबले में ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ब्राजील 7 अंकों के साथ ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया, जबकि स्कॉटलैंड का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया।
ग्रुप-सी पॉइंट्स टेबल
| टीम | मैच | जीत | ड्रॉ | हार | पॉइंट्स |
|---|---|---|---|---|---|
| ब्राजील | 3 | 2 | 1 | 0 | 7 |
| मोरक्को | 3 | 2 | 1 | 0 | 7 |
| स्कॉटलैंड | 3 | 1 | 0 | 2 | 3 |
| हैती | 3 | 0 | 0 | 3 | 0 |
विनीसियस जूनियर बने जीत के हीरो
मियामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ब्राजील ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। स्टार फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर ने मैच के 7वें मिनट में पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद उन्होंने पहले हाफ के अंत में दूसरा गोल कर स्कॉटलैंड की वापसी की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया। मैथियस कुन्हा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल दागा और ब्राजील की जीत को और मजबूत बना दिया। ब्राजील ने पूरे मैच में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और स्कॉटलैंड को कोई बड़ा मौका नहीं दिया।
गोल्डन बूट की रेस हुई दिलचस्प
विनीसियस जूनियर अब टूर्नामेंट में कुल 4 गोल कर चुके हैं। इसके साथ ही वह गोल्डन बूट की दौड़ में फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे की बराबरी पर पहुंच गए हैं। फिलहाल अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी 5 गोल के साथ इस सूची में सबसे आगे बने हुए हैं।
चोट के बाद मैदान पर लौटे नेमार
ब्राजील के प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी नेमार की वापसी रही। दाएं पिंडली की चोट के कारण शुरुआती दो मैचों से बाहर रहे नेमार ने 76वें मिनट में मैदान पर कदम रखा। उनकी वापसी पर स्टेडियम में मौजूद हजारों ब्राजीलियाई फैंस ने जोरदार तालियों और नारों के साथ स्वागत किया। नेमार की फिटनेस ब्राजील के लिए नॉकआउट मुकाबलों में बेहद अहम मानी जा रही है।
मोरक्को ने भी किया कमाल, हैती टूर्नामेंट से बाहर
ग्रुप-सी के दूसरे मुकाबले में मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराकर राउंड ऑफ-32 में प्रवेश कर लिया। अटलांटा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मोरक्को दो बार पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करने में सफल रहा। सूफियान रहीमी ने 78वें मिनट में निर्णायक गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि 89वें मिनट में गेसीम यासीन ने चौथा गोल कर जीत पर मुहर लगा दी। दूसरी ओर, 52 साल बाद वर्ल्ड कप खेलने उतरी हैती की टीम एक भी अंक हासिल नहीं कर सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
नॉकआउट में ब्राजील और मोरक्को की एंट्री
ग्रुप-सी से अब ब्राजील और मोरक्को ने अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर लिया है। ब्राजील की टीम जहां खिताब की सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल है, वहीं मोरक्को भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित कर रहा है। आने वाले नॉकआउट मुकाबलों में दोनों टीमों पर दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें रहेंगी।