नई दिल्ली - ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने क्रिकेट के सर्वकालिक महान खिलाड़ी यानी GOAT को लेकर अपनी पसंद बताई है। आमतौर पर इस बहस में सचिन तेंदुलकर का नाम सबसे आगे रहता है, लेकिन ली ने दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक कैलिस को चुना है। हालांकि, उन्होंने सचिन को अपने देखे हुए सबसे बेहतरीन बल्लेबाज का दर्जा दिया।
सचिन को बताया सबसे महान बल्लेबाज
ब्रेट ली ने सचिन तेंदुलकर की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनके लिए सचिन अब तक के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज हैं। सचिन के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक हैं, जो आज भी एक अनोखा रिकॉर्ड है। हालांकि, ली के मुताबिक जब बात सिर्फ बल्लेबाजी की नहीं, बल्कि एक संपूर्ण क्रिकेटर की होती है तो जैक कैलिस का स्तर अलग है।
जैक कैलिस क्यों बने ब्रेट ली की पसंद?
ब्रेट ली ने जैक कैलिस को क्रिकेट का सबसे बेहतरीन खिलाड़ी चुनने के पीछे उनके शानदार ऑलराउंड रिकॉर्ड को बड़ी वजह बताया। कैलिस ने दक्षिण अफ्रीका के लिए लंबे समय तक बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कैलिस टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों में 10 हजार से ज्यादा रन और 250 से अधिक विकेट हासिल करने वाले दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर हैं। उनके रिकॉर्ड इस बात को दर्शाते हैं कि उन्होंने टीम को बल्लेबाज और गेंदबाज, दोनों रूप में लगातार योगदान दिया।
‘आंकड़े झूठ नहीं बोलते’
‘BeerBiceps’ पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान ब्रेट ली ने कहा कि वह सचिन को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज मानते हैं, लेकिन उनके लिए सबसे बेहतरीन क्रिकेटर कैलिस हैं। उन्होंने कैलिस के आंकड़ों की तारीफ करते हुए कहा कि उनके रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली हैं और आंकड़े किसी खिलाड़ी की महानता को समझने में अहम भूमिका निभाते हैं।
KKR के ड्रेसिंग रूम में साथ रहे
ब्रेट ली और जैक कैलिस का एक-दूसरे के साथ खेलने का अनुभव भी रहा है। दोनों IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रह चुके हैं। कैलिस ने 2011 से 2014 के बीच KKR के लिए 56 मैच खेले, जबकि ब्रेट ली 2011 से 2013 तक टीम के साथ रहे। इस दौरान ली को कैलिस को करीब से देखनेऔर उनके खेल को समझने का मौका मिला।
सचिन बनाम कैलिस की बहस फिर चर्चा में
ब्रेट ली के इस बयान ने एक बार फिर क्रिकेट के GOAT को लेकर बहस छेड़ दी है। सचिन जहां बल्लेबाजी के आंकड़ों और रिकॉर्ड्स के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं, वहीं कैलिस का ऑलराउंड प्रदर्शन उन्हें क्रिकेट इतिहास के सबसे पूर्ण खिलाड़ियों में शामिल करता है। ली की पसंद भले ही कैलिस हों, लेकिन उन्होंने सचिन तेंदुलकर को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बताकर मास्टर ब्लास्टर की महानता को भी साफ तौर पर स्वीकार किया है।