रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास को नई गति देने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने बताया कि नवा रायपुर में 208 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अत्याधुनिक मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक के अगले संस्करण की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
नवा रायपुर में बनेगा विश्वस्तरीय मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि नवा रायपुर के सेक्टर-28 में दो चरणों में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण होगा। पहले चरण के लिए 114.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य शुरू हो गया है। वहीं दूसरे चरण के लिए 94.69 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है।
सरकार का दावा है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और नवा रायपुर छत्तीसगढ़ का नया स्पोर्ट्स हब बनकर उभरेगा।
बस्तर ओलंपिक में रिकॉर्ड भागीदारी, अगले संस्करण की तैयारी शुरू
सरकार ने बस्तर ओलंपिक की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। वर्ष 2024 में 1.65 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर रिकॉर्ड 3.91 लाख तक पहुंच गई। प्रतियोगिताएं 11 खेल विधाओं में आयोजित की गईं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूथ आइकन के रूप में सम्मानित किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि अब बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक के अगले संस्करण की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 की मेजबानी करेगा छत्तीसगढ़
राज्य सरकार ने जानकारी दी कि खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिली है। इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सरकार ने कहा कि इससे जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
पदक विजेताओं के लिए बढ़ाई गई पुरस्कार राशि
सरकार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि की घोषणा भी की है।
- स्वर्ण पदक – 2 लाख रुपये
- रजत पदक – 1.5 लाख रुपये
- कांस्य पदक – 1 लाख रुपये
सरकार का कहना है कि इससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।
संजू देवी, किरण पिस्दा और ज्ञानेश्वरी यादव को मिलेगा सम्मान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खिलाड़ियों के सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। कबड्डी विश्व कप 2025 की स्वर्ण पदक विजेता और 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर' संजू देवी को 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयनित किरण पिस्दा को सम्मानित किया जाएगा। कॉमनवेल्थ खेलों में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और डीएसपी पद प्रदान किया जाएगा।
छह नए जिलों में जिला खेल अधिकारी के पदों को मंजूरी
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले खेल मंत्री अरुण साव ने छह नए जिलों में जिला खेल अधिकारी के पदों को मंजूरी मिलने की घोषणा की। इनमें—
- मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
- खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
- सक्ती
- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
- सारंगढ़-बिलाईगढ़
- गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इससे जिला स्तर पर खेल गतिविधियों के संचालन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।