राष्ट्रमंडल खेल 2026 के दूसरे दिन भारत के लिए मिली-जुली शुरुआत रही। पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में पहला पदक डाला। उन्होंने पुरुष हेवीवेट वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश का खाता खोला। हालांकि पैरा तैराकी, पैरा पावरलिफ्टिंग और तैराकी की अन्य स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी पदक से चूक गए। वहीं लॉन बॉल और मुक्केबाजी में भारत को शानदार जीत मिली।
झंडू कुमार ने दिलाया भारत को पहला पदक
भारत के पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुष हेवीवेट फाइनल में 130.9 अंक हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान पर रहने वाले झंडू एक समय स्वर्ण पदक की दौड़ में थे, लेकिन अंतिम चरण में नाइजीरिया के रिलुवान इदरिस (132.8 अंक) और इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग (131 अंक) उनसे आगे निकल गए।भारत के एक अन्य खिलाड़ी सुधीर ने 114.1 अंक के साथ प्रतियोगिता का समापन छठे स्थान पर किया।
श्रीहरि नटराज फाइनल में जगह बनाने से चूके
दो बार के ओलंपियन श्रीहरि नटराज पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह नहीं बना सके। सेमीफाइनल में उन्होंने 25.29 सेकेंड का समय लिया और कुल 11वें स्थान पर रहे। फाइनल में केवल शीर्ष-8 तैराकों को प्रवेश मिला।दक्षिण अफ्रीका के पीटर कोएट्ज़े ने 24.29 सेकेंड का गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए सबसे तेज क्वालिफाई किया। इससे पहले हीट में नटराज ने 25.52 सेकेंड के साथ संयुक्त 14वां स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
बुडिगिना और इमाम अली पदक से चूके
पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस-13 पैरा तैराकी स्पर्धा में भारत के आरवीवीबीके बुडिगिना कांस्य पदक से बेहद करीब रह गए। उन्होंने 57.57 सेकेंड का समय निकालते हुए चौथा स्थान हासिल किया।भारत के इमाम अली 1:03.73 मिनट के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा का स्वर्ण दक्षिण अफ्रीका के नाथन हेनरिक्स, रजत स्कॉटलैंड के स्टीफन क्लेग और कांस्य इंग्लैंड के मैथ्यू रेडफर्न ने जीता।
पैरा पावरलिफ्टिंग में अन्य खिलाड़ियों को निराशा
पुरुष लाइटवेट वर्ग में अशोक मलिक और परमजीत कुमार पदक नहीं जीत सके। अशोक मलिक ने 200 किलोग्राम भार उठाकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन अंतिम प्रयास में 205 किलोग्राम वजन उठाने में असफल रहने के कारण 143.8 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे। परमजीत कुमार छठे स्थान पर रहे।महिला हेवीवेट वर्ग में कस्तूरबा राजमणि भी पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। फाइनल में उनके तीनों प्रयास असफल रहे और वह कोई वैध लिफ्ट दर्ज नहीं कर सकीं।
जसप्रीत कौर का दमदार प्रदर्शन भी नहीं दिला सका पदक
महिला लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में जसप्रीत कौर ने ग्रुप-बी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 किलोग्राम भार सफलतापूर्वक उठाया और अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। हालांकि ग्रुप-ए के परिणाम आने के बाद वह 96.4 अंकों के साथ छठे स्थान पर खिसक गईं और पदक से चूक गईं।भारत की सुमन देवी 88.4 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहीं।
जूडो खिलाड़ी तुलिका मान प्रतियोगिता से बाहर
भारत की जूडो खिलाड़ी तुलिका मान राष्ट्रमंडल खेल शुरू होने से पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। पिछली बार रजत पदक जीतने वाली तुलिका को डोपिंग रोधी नियमों के तहत तीन बार अपने ठिकाने की जानकारी उपलब्ध नहीं कराने के कारण निलंबित किया गया, जिसके चलते वह ग्लास्गो नहीं पहुंच सकीं।
लॉन बॉल में भारत का शानदार प्रदर्शन
महिला पेयर सेक्शन-बी के दूसरे राउंड में रूपा रानी और पिंकी की भारतीय जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत अपनी ग्रुप तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया।वहीं पुरुष एकल सेक्शन-डी में पुतुल सोनोवाल ने सेसिल एलेक्जेंडर को हराकर भारत को एक और जीत दिलाई और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
मुक्केबाजी में जादूमणि सिंह अंतिम-16 में पहुंचे
भारतीय मुक्केबाज जादूमणि सिंह ने पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में स्कॉटलैंड के आरोन कलेन को सर्वसम्मत निर्णय से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया।जादूमणि ने मुकाबले के तीनों राउंड में शानदार प्रदर्शन किया। पहले और दूसरे राउंड में सभी पांचों जजों ने उन्हें पूरे 10 अंक दिए। तीसरे राउंड में भी उन्होंने अपना दबदबा कायम रखा और एकतरफा जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में जगह बनाई।