नई दिल्ली - टी-20 क्रिकेट के दौर में कई बल्लेबाज अपनी पावर हिटिंग के लिए पहचाने जाते हैं। कुछ खिलाड़ी चौकों से ज्यादा छक्के लगाने में भरोसा रखते हैं और गेंद को सीधे बाउंड्री के बाहर पहुंचाने का हुनर रखते हैं। भारतीय क्रिकेट में इस समय अभिषेक शर्मा का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है, लेकिन साल 2026 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छक्के लगाने के मामले में वह एक अन्य भारतीय बल्लेबाज से पीछे चल रहे हैं।
करणबीर सिंह सबसे आगे
2026 में अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह शीर्ष पर हैं। उन्होंने इस साल 24 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 78 छक्के लगाए हैं। करणबीर की नजर अब साल के अंत तक छक्कों का शतक पूरा करने पर होगी। अगर वह इसी रफ्तार से बल्लेबाजी करते हैं, तो 100 अंतरराष्ट्रीय छक्कों का आंकड़ा छू सकते हैं।
टॉप-3 में इकलौते भारतीय ईशान किशन
इस सूची में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन टॉप-3 में जगह बनाने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं। ईशान ने 2026 में अब तक 23 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 43 छक्के लगाए हैं। ईशान की आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े शॉट खेलने की क्षमता उन्हें इस रेस में मजबूत दावेदार बनाती है। वह पावरप्ले के दौरान तेजी से रन बनाने के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ भी बड़े शॉट लगाने के लिए जाने जाते हैं।
कुशल भुरतेल और हैरी ब्रूक भी आगे
छक्कों की इस रेस में नेपाल के विस्फोटक बल्लेबाज कुशल भुरतेल चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 2026 में अब तक 19 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 42 छक्के जड़े हैं। इंग्लैंड के लिमिटेड ओवर कप्तान हैरी ब्रूक भी 42 छक्कों के साथ उनके बराबर हैं। ब्रूक ने इस साल 29 अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह आंकड़ा हासिल किया है।
अभिषेक शर्मा ने भी मचाया धमाल
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने अपनी पावर हिटिंग का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 7 छक्कों की मदद से 82 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके बावजूद 2026 में अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगाए गए छक्कों की संख्या के मामले में अभिषेक शर्मा ईशान किशन से पीछे हैं। अभिषेक ने इस साल 38 छक्के लगाए हैं। हालांकि, उन्होंने ईशान के मुकाबले पांच अंतरराष्ट्रीय मुकाबले कम खेले हैं।
‘अभि सिक्स शर्मा’ के नाम से मशहूर
अभिषेक शर्मा को उनकी छक्के लगाने की क्षमता के चलते फैंस कई बार ‘अभि सिक्स शर्मा’ भी कहते हैं। वह बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं और शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। अब क्रिकेट फैंस की नजरें इस बात पर हैं कि साल के अंत तक छक्कों की इस रेस में कौन बाजी मारता है। क्या ईशान किशन अपनी बढ़त बनाए रखेंगे या अभिषेक शर्मा अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर उन्हें पीछे छोड़ देंगे? यह देखना दिलचस्प होगा।