कान्सास सिटी: फीफा विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत से पहले इंग्लैंड फुटबॉल टीम एक बड़ी परेशानी में फंस गई है। टीम के कई खिलाड़ियों के बूट, अभ्यास के लिए इस्तेमाल होने वाली गेंदें और अन्य जरूरी उपकरण चोरी हो गए हैं। यह घटना उस समय सामने आई जब इंग्लैंड की टीम फ्लोरिडा से मिसौरी स्थित अपने प्रशिक्षण केंद्र पहुंच रही थी।स्थानीय पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है। हालांकि अब तक चोरी हुए सामान का कोई सुराग नहीं मिला है।
खिलाड़ियों के बूट और प्रशिक्षण सामग्री गायब
जानकारी के अनुसार, कप्तान हैरी केन समेत कई खिलाड़ियों के फुटबॉल बूट और ट्रेनिंग उपकरण चोरी हो गए हैं। शनिवार दोपहर से टीम को सॉप सॉकर विलेज में अभ्यास शुरू करना था, लेकिन उससे पहले इस घटना ने टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है।पुलिस चोरी हुए सामान की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में जांच अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले इतनी बड़ी चोरी की घटना ने अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कड़ी सुरक्षा के बावजूद खिलाड़ियों का सामान कैसे चोरी हो गया, इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।हालांकि इंग्लैंड फुटबॉल एसोसिएशन ने फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
1966 के बाद पहली ट्रॉफी की तलाश
इंग्लैंड की टीम 1966 के बाद पहली बार विश्व कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतर रही है। पिछले दो यूरो कप फाइनल में पहुंचने के बावजूद टीम खिताब जीतने में सफल नहीं हो सकी थी।कोच थॉमस टुखेल की टीम अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 17 जून को क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले से करेगी। यह मैच टेक्सास के डलास स्टेडियम में खेला जाएगा।
गर्मी से निपटने के लिए खास तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेक्सास की भीषण गर्मी को देखते हुए इंग्लैंड टीम ने विशेष रणनीति बनाई है। मैच के दौरान रिजर्व खिलाड़ी सामान्य बेंच पर बैठने के बजाय ड्रेसिंग रूम में रह सकते हैं और जरूरत पड़ने पर मैदान के किनारे बुलाए जाएंगे। जबकि सपोर्ट स्टाफ बेंच पर मौजूद रहेगा।
विश्व कप शुरू होने से पहले हुई इस चोरी की घटना ने इंग्लैंड की तैयारियों पर असर डाला है, लेकिन टीम अब जल्द से जल्द इस परेशानी से उबरकर अपने अभियान पर फोकस करना चाहती है।