लिवरपूल: इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) के खिताबी मुकाबले में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। एवर्टन के घरेलू मैदान पर मैनचेस्टर सिटी और एवर्टन के बीच खेला गया मुकाबला 3-3 की बराबरी पर छूटा। इस ड्रॉ के साथ ही मैनचेस्टर सिटी ने दो महत्वपूर्ण अंक गंवा दिए हैं, जिससे अब लीग का समीकरण पूरी तरह से आर्सेनल के पक्ष में झुक गया है।
पहले हाफ में दबदबा, फिर बिखराव
मैच की शुरुआत में पेप गार्डियोला की टीम का दबदबा साफ नजर आ रहा था। पहले हाफ के अंत में रायन चेरकी के पास पर जेरेमी डोकू ने गोल कर सिटी को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, दूसरे हाफ में कहानी पूरी तरह बदल गई। सिटी के डिफेंस की गलतियों का फायदा उठाते हुए थियर्नो बैरी ने पहले बराबरी की और फिर जेक ओ'ब्रायन ने हेडर के जरिए एवर्टन को आगे कर दिया। बैरी ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया, जिससे सिटी की रक्षापंक्ति पूरी तरह बिखरती नजर आई।
अंतिम क्षणों में हालैंड और डोकू का प्रहार
दो गोल से पिछड़ने के बाद अर्लिंग हालैंड ने माटेओ कोवासिच के पास पर गोल कर अंतर को कम किया। हार की कगार पर खड़ी सिटी को इंजरी टाइम (97वें मिनट) में जेरेमी डोकू के शानदार गोल ने बचाया और मैच 3-3 पर खत्म हुआ।
गार्डियोला की निराशा और आर्सेनल का समीकरण
मैच के बाद पेप गार्डियोला ने कहा, "अब सब कुछ हमारे हाथ में नहीं है। हारने से बेहतर ड्रॉ है, लेकिन नियंत्रण अब आर्सेनल के पास है।" वर्तमान स्थिति में मैनचेस्टर सिटी आर्सेनल से पांच अंक पीछे है (हालांकि उनके पास एक मैच शेष है)। अब आर्सेनल को अपने अगले तीन मैच—वेस्ट हैम, बर्नली और क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ जीतने हैं। अगर वे इन तीनों मैचों में जीत हासिल करते हैं, तो उनका 22 साल का इंतजार खत्म हो जाएगा और वे ईपीएल चैंपियन बन जाएंगे।