ऑबर्न (अलाबामा): फीफा वर्ल्ड कप 2026 के महाकुंभ की शुरुआत से ठीक पहले फुटबॉल प्रेमियों और अर्जेंटीना के प्रशंसकों के लिए एक बेहद राहत भरी और बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार को अलाबामा के ऑबर्न में खेले गए एक अभ्यास मैच में मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना ने आइसलैंड को 3-0 से करारी शिकस्त देकर वर्ल्ड कप की अपनी तैयारियों का शानदार अंत किया। लियोनेल स्कालोनी (Lionel Scaloni) की टीम की यह लगातार सातवीं जीत है।
लेकिन अर्जेंटीना के लिए इस जीत से भी बड़ी खुशखबरी टीम के कप्तान और महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी (Lionel Messi) की मैदान पर वापसी रही। मांसपेशियों (Muscle) की समस्या के कारण पिछले कुछ हफ्तों से मेसी के खेलने पर सस्पेंस बना हुआ था, लेकिन इस मैच में उन्होंने न सिर्फ वापसी की बल्कि गोल दागकर यह साबित कर दिया कि वे आगामी वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद बारको ने खोला खाता
मैच की शुरुआत अर्जेंटीना के लिए बहुत आसान नहीं रही। शुरुआती मिनटों में आइसलैंड को बढ़त बनाने का एक सुनहरा मौका मिला था, जब मिकायेल एलर्टसन ने लगभग खाली गोल पोस्ट के सामने गेंद मिलने के बाद भी उसे क्रॉसबार के ऊपर मार दिया। आइसलैंड को अपनी इस बड़ी गलती का खामियाजा जल्द ही भुगतना पड़ा।
अर्जेंटीना को मिले एक फ्री-किक के बाद आइसलैंड के डिफेंडर गेंद को पूरी तरह क्लियर नहीं कर पाए। गेंद सीधे वैलेंटिन बारको के पैरों के पास जा गिरी, जिन्होंने बिना कोई गलती किए एक जोरदार शॉट के साथ गेंद को नेट में डाल दिया। इस गोल के साथ अर्जेंटीना ने 1-0 की बढ़त बना ली, जो हाफ-टाइम तक बरकरार रही।
दूसरे हाफ में बदली रणनीति, मेसी की हुई एंट्री
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही कोच स्कालोनी ने एक साथ पांच बदलाव किए। एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एन्ज़ो फर्नांडीज और लाउतारो मार्टिनेज जैसे दिग्गजों को मैदान पर उतारा गया, जिसने अर्जेंटीना के आक्रमण को और तेज कर दिया। मैच के 60वें मिनट के बाद लाउतारो और मैक एलिस्टर के शॉट पोस्ट से टकराए, जिससे आइसलैंड का डिफेंस पूरी तरह डगमगा गया।
इसी बीच इंटर मियामी के लिए खेलते समय फिलाडेल्फिया के खिलाफ चोटिल हुए लियोनेल मेसी अर्जेंटीना के डगआउट से उठकर मैदान पर आए। उनके मैदान पर कदम रखते ही दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुँच गया।
आए, गोल किया और छा गए मेसी मैदान पर उतरते ही मेसी ने खेल की गति बदल दी। उन्होंने अपने जादुई पास से लाउतारो मार्टिनेज को गोल करने का मौका दिया, लेकिन आइसलैंड के गोलकीपर ने लाउतारो को फाउल कर दिया, जिससे अर्जेंटीना को पेनल्टी मिल गई। स्पॉट-किक लेने आए कप्तान मेसी ने कोई गलती नहीं की और गेंद को नेट के ऊपरी कोने में दे मारा। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में यह मेसी का 117वां गोल था।मेसी का जलवा यहीं नहीं रुका, तीसरे गोल की स्क्रिप्ट भी उन्होंने ही लिखी।
मेसी के पास से गेंद रोड्रिगो डी पॉल को मिली, जिनके लो-क्रॉस पर थियागो अल्माडा ने गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
16 जून से वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत
इस 3-0 की दमदार जीत के साथ अर्जेंटीना ने वर्ल्ड कप का अपना वॉर्म-अप राउंड परफेक्ट नोट पर खत्म किया है। विश्व चैंपियन अर्जेंटीना आगामी 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगी। इस ग्रुप में उनके साथ ऑस्ट्रिया और जॉर्डन की टीमें भी शामिल हैं। अल्जीरिया से भिड़ने से पहले मेसी का पूरी तरह फिट होना विरोधी टीमों के लिए एक बड़ी चेतावनी है।