स्पोर्ट्स डेस्क: फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के मैदान से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। इस टूर्नामेंट में अपनी जादुई परफॉर्मेंस से इतिहास रचने वाली केप वर्दे (Cape Verde) फुटबॉल टीम के खेमे में मैच से पहले बड़ा तूफान खड़ा हो गया है। आगामी 4 जुलाई को लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज नॉकआउट मुकाबले से ठीक पहले, केप वर्दे के कप्तान और स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी रयान मेंडेस (Ryan Mendes) पर बलात्कार जैसा संगीन आरोप लगा है।
के मशहूर मीडिया संस्थान 'ग्लोबो' (Globo) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जांच न्यूजीलैंड पुलिस कर रही है। मेंडेस पर आरोप है कि उन्होंने इस साल मार्च महीने में न्यूजीलैंड में आयोजित 'फीफा सीरीज' के दौरान टीम की एक महिला ट्रांसलेटर के साथ यौन क्रूरता की।
ऑकलैंड के होटल में क्या हुआ था?
सामने आई जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से ब्राजीलियाई महिला है, जो न्यूजीलैंड दौरे पर केप वर्दे राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए बतौर अनुवादक (Translator) काम कर रही थी। महिला का आरोप है कि ऑकलैंड के उस होटल में, जहाँ पूरी टीम रुकी हुई थी, रयान मेंडेस जबरन उनके कमरे में घुस आए और उन पर शारीरिक व यौन हमला किया।
इस घटना के तुरंत बाद महिला ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। ग्लोबो की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मेडिकल जांच में पीड़िता के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। उनके गुप्तांगों में चोट के अलावा स्तन, गर्दन और होंठों पर भी नीले दाग (कालशिटे) पाए गए हैं। महिला ने इन चोटों की तस्वीरें न्यूजीलैंड पुलिस और मीडिया के साथ साझा की हैं। इसके अलावा, महिला ने केप वर्दे फुटबॉल एसोसिएशन के तीन अधिकारियों से भी मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन वहां से उन्हें कोई जवाब या सहयोग नहीं मिला।
जांच जारी, फुटबॉल फेडरेशन ने साधी चुप्पी
इस बेहद गंभीर और संवेदनशील मामले पर अमेरिकी मीडिया संस्थान 'यूएसए टुडे' ने जब केप वर्दे फुटबॉल प्रशासन से संपर्क किया, तो उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध ली। हालांकि, फुटबॉल की सर्वोच्च वैश्विक संस्था 'फीफा' (FIFA) ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है। फीफा ने अपने बयान में कहा है कि वे किसी भी प्रकार के दुराचार के आरोपों को बहुत गंभीरता से लेते हैं और इस मामले को लेकर न्यूजीलैंड के स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
ऐतिहासिक सफर पर लगा दाग
अगर मैदान के बाहर के इस बड़े विवाद को छोड़ दें, तो मौजूदा वर्ल्ड कप में केप वर्दे का सफर किसी परिकथा (Fairytale) जैसा रहा है। स्पेन और उरुग्वे जैसी पूर्व चैंपियन और दिग्गज टीमों के साथ एक ही ग्रुप में होने के बावजूद, अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा के नेतृत्व में इस छोटी सी टीम ने कमाल का खेल दिखाया। केप वर्दे पूरे ग्रुप स्टेज में एक भी मैच नहीं हारी और अजेय रहते हुए नॉकआउट (लास्ट 32) में जगह बनाई।
अब आगामी 4 जुलाई को भारतीय समयानुसार अलसुबह 3:30 बजे उनका सामना विश्व विजेता अर्जेंटीना से होना है। लेकिन इस ऐतिहासिक मुकाबले से पहले कप्तान रयान मेंडेस पर लगे इन आरोपों ने टीम की साख पर बड़ा बट्टा लगा दिया है। अब देखना होगा कि इस मानसिक दबाव और विवाद के बीच केप वर्दे की टीम मैदान पर मेसी की सेना का सामना कैसे करती है।