दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में शामिल FIFA World Cup 2026 को लेकर भारत में फुटबॉल प्रेमियों के बीच चिंता बढ़ गई है। फिलहाल देश में टूर्नामेंट के प्रसारण को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में लाखों फुटबॉल फैंस के मैच देखने से वंचित होने की आशंका जताई जा रही है।
SFI ने खेल मंत्रालय और सूचना-प्रसारण मंत्रालय से की मांग
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की केंद्रीय कार्यकारी समिति की ओर से केंद्रीय खेल मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को औपचारिक मांग पत्र भेजा गया है। संगठन का कहना है कि खेल को बढ़ावा देना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन प्रसारण को लेकर व्यावसायिक गतिरोध के कारण करोड़ों युवा दर्शकों पर असर पड़ सकता है।
दूरदर्शन पर फ्री-टू-एयर टेलीकास्ट की मांग
SFI ने मांग की है कि FIFA World Cup 2026 का प्रसारण सरकारी चैनल दूरदर्शन पर मुफ्त किया जाए, ताकि हर वर्ग के लोग आसानी से मैच देख सकें। संगठन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय खेलों तक पहुंच कोई विलासिता नहीं, बल्कि देश में खेल संस्कृति विकसित करने का अहम हिस्सा है।
फुटबॉल फैंस और छात्रों से समर्थन की अपील
SFI ने देशभर के फुटबॉल प्रशंसकों और छात्रों से इस मांग के समर्थन में आगे आने की अपील की है। संगठन का कहना है कि सरकार तक यह संदेश पहुंचना चाहिए कि भारत के लोग World Cup देखना चाहते हैं और वह भी सभी के लिए सुलभ तरीके से।
क्या है चिंता की वजह?
अगर जल्द प्रसारण अधिकारों को लेकर फैसला नहीं हुआ, तो भारत में लाखों फुटबॉल फैंस को विश्व कप देखने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में मुफ्त प्रसारण की मांग अब राजनीतिक और खेल जगत में चर्चा का विषय बनती जा रही है।