FIFA वर्ल्ड कप 2026 में आज (27 जून) नॉकआउट राउंड की तस्वीर लगभग साफ हो सकती है। भारतीय समयानुसार देर रात से सुबह तक कुल 6 बड़े मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें कई दिग्गज टीमों की किस्मत दांव पर होगी। सबसे ज्यादा दबाव स्पेन पर है, जिसे उरुग्वे के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। वहीं फ्रांस और नॉर्वे के बीच ग्रुप टॉपर बनने की जंग भी देखने को मिलेगी।
स्पेन के लिए करो या मरो की स्थिति
ग्रुप-H में स्पेन फिलहाल 4 अंकों के साथ शीर्ष पर है, लेकिन उसकी नॉकआउट की राह अभी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। अगर स्पेन उरुग्वे से हार जाता है और दूसरी तरफ काबो वर्डे जीत दर्ज कर लेता है, तो स्पेन टूर्नामेंट से बाहर भी हो सकता है। ऐसे में स्पेन के लिए यह मुकाबला बेहद अहम होगा।
फ्रांस-नॉर्वे मैच में ग्रुप टॉप की जंग
ग्रुप-I में फ्रांस और नॉर्वे दोनों ने शुरुआती दो-दो मुकाबले जीतकर 6-6 अंक जुटाए हैं। अब दोनों टीमों के बीच होने वाला मुकाबला ग्रुप विजेता का फैसला करेगा। फ्रांस को एक बार फिर स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बापे से गोल की उम्मीद होगी, जबकि नॉर्वे की नजर एर्लिंग हालैंड पर रहेगी।
सेनेगल और इराक सम्मान बचाने उतरेंगे
ग्रुप-I की दोनों टीमें सेनेगल और इराक पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। अब दोनों जीत के साथ अपने अभियान का अंत करना चाहेंगी। यह दोनों देशों की सीनियर टीमों के बीच पहला इंटरनेशनल मुकाबला होगा।
काबो वर्डे और सऊदी अरब के लिए आखिरी मौका
ग्रुप-H में काबो वर्डे और सऊदी अरब के बीच होने वाला मुकाबला पूरी तरह 'करो या मरो' होगा। जीतने वाली टीम की उम्मीदें जिंदा रहेंगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा।
मिस्र बनाम ईरान में नॉकआउट की जंग
ग्रुप-G में मिस्र और ईरान आमने-सामने होंगे। मिस्र जीत के साथ आसानी से अगले दौर में पहुंच सकता है, जबकि ईरान को नॉकआउट में जगह बनाने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इस मुकाबले में मोहम्मद सालाह और सरदार अजमौन पर सभी की निगाहें रहेंगी।
न्यूजीलैंड और बेल्जियम पहली बार आमने-सामने
ग्रुप-G में न्यूजीलैंड और बेल्जियम पहली बार किसी इंटरनेशनल मैच में भिड़ेंगे। बेल्जियम के पास जीत के साथ नॉकआउट में जगह बनाने का मौका होगा, जबकि न्यूजीलैंड को जीत के साथ दूसरे मैच के नतीजे का भी इंतजार करना पड़ेगा।
आज के मुकाबले (भारतीय समयानुसार)
| मैच | समय |
|---|---|
| 🇳🇴 नॉर्वे vs 🇫🇷 फ्रांस | 12:30 AM |
| 🇸🇳 सेनेगल vs 🇮🇶 इराक | 12:30 AM |
| 🇨🇻 काबो वर्डे vs 🇸🇦 सऊदी अरब | 3:30 AM |
| 🇺🇾 उरुग्वे vs 🇪🇸 स्पेन | 3:30 AM |
| 🇪🇬 मिस्र vs 🇮🇷 ईरान | 6:30 AM |
| 🇳🇿 न्यूजीलैंड vs 🇧🇪 बेल्जियम | 6:30 AM |