अहमदाबाद: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को एकतरफा अंदाज में 82 रनों से रौंद दिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात के 168 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम महज 86 रनों पर ढेर हो गई। यह हैदराबाद का अब तक का सबसे शर्मनाक स्कोर है।
मैच के टॉप-11 रिकॉर्ड्स...
1. रनों के मामले में गुजरात की 'महाविजय'
हैदराबाद को 82 रनों से हराकर गुजरात टाइटंस ने लीग इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले उनकी सबसे बड़ी जीत इसी सीजन में राजस्थान के खिलाफ (77 रन) आई थी।
2. हैदराबाद का सबसे न्यूनतम स्कोर
पूरी हैदराबाद टीम सिर्फ 86 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। यह IPL में उनका अब तक का सबसे लोएस्ट स्कोर है। इससे पहले 2019 में वे मुंबई के खिलाफ 96 रन पर सिमटे थे।
3. SRH के लिए ऐतिहासिक हार
82 रनों की यह शिकस्त हैदराबाद की अब तक की सबसे बड़ी हार है। टीम ने 2025 में कोलकाता के खिलाफ मिली 80 रनों की हार का अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
4. जीत का 'पंजा' और विनिंग स्ट्रीक
इस सीजन गुजरात लगातार 5 मैच जीतने वाली दूसरी टीम बनी। इससे पहले हैदराबाद ने यह कारनामा किया था। गुजरात की यह IPL इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे लंबी विनिंग स्ट्रीक भी है।
5. पावरप्ले के 'शहंशाह' बने टाइटंस
पावरप्ले (0-6 ओवर) में विकेट चटकाने के मामले में गुजरात इस सीजन की नंबर-1 टीम बन गई है। हैदराबाद के खिलाफ झटकों के साथ ही उनके पावरप्ले विकेटों की संख्या 25 के पार पहुँच गई।
6. रबाडा का घातक स्पेल
कगिसो रबाडा ने हैदराबाद के खिलाफ 3 विकेट लेकर पावरप्ले में अपनी विकेट संख्या 16 कर ली है। अब वह एक सीजन के शुरुआती ओवरों में सर्वाधिक विकेट लेने के शमी के रिकॉर्ड से महज एक कदम दूर हैं।
7. साई सुदर्शन का 'गोल्डन' रिकॉर्ड
साई सुदर्शन ने लगातार तीसरे सीजन में 500 रनों का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया। वह क्रिस गेल के बाद दूसरे ऐसे बल्लेबाज बने हैं जिन्होंने लगातार तीन सीजन 500+ रन और 140+ के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
8. अर्धशतकों की हैट्रिक
सुदर्शन ने इस मैच में 61 रन बनाए, जो उनकी इस सीजन की लगातार तीसरी फिफ्टी है। उन्होंने गुजरात की तरफ से लगातार सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने के शुभमन गिल और हार्दिक पंड्या के रिकॉर्ड की बराबरी की।
9. सुस्त पावरप्ले, सख्त गेंदबाजी
मैच में एक अजीब संयोग दिखा; गुजरात ने इस सीजन का अपना सबसे धीमा पावरप्ले (34/2) खेला, वहीं हैदराबाद के लिए यह उनकी सबसे किफायती गेंदबाजी वाला पावरप्ले रहा।
10. सिराज ने की शमी की बराबरी
मोहम्मद सिराज ने इस मैच के पहले ओवर में विकेट लेकर इस सीजन के अपने 'फर्स्ट ओवर विकेट्स' की संख्या 4 कर ली है। उन्होंने इस मामले में मोहम्मद शमी की बराबरी कर ली है।
11. तेज गेंदबाजों का दबदबा
गुजरात के पेसर्स ने इस मैच में कुल 9 विकेट लिए। यह IPL में दूसरा मौका है जब गुजरात के तेज गेंदबाजों ने एक ही पारी में 9 विकेट चटकाकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।