अहमदाबाद - शुभमन गिल के नेतृत्व वाली गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हरा दिया है। टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इस मैच में 86 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और IPL 2026 में उन्होंने अर्धशतकों की हैट्रिक भी लगाई है। 86 रनों की बदौलत गिल ने ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली है।आपको बता दें कि, पहले बल्लेबाजी करते हुए रहाणे की कप्तानी वाली टीम KKR ने180 रन बनाए थे। वहीं जवाब में GT ने अंतिम ओवर में 5 विकेट से जीत सुनिश्चित की।
शुभमन गिल ने अर्धशतक की लगाई हैट्रिक
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने IPL 2026 में अर्धशतक लगाने की हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बता दें कि, पिछले 2 मैचों में गिल ने दिल्ली और लखनऊ के खिलाफ क्रमशः 70 रन और 56 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं अब कोलकाता के खिलाफ उन्होंने 86 रन बनाए और इस पारी में उनके बल्ले से 8 चौके और 4 छक्के निकले।
गुजरात टाइटंस ने लगाई जीत की हैट्रिक
दूसरी ओर शुभमन गिल के नेतृत्व वाली गुजरात टाइटंस ने जीत की हैट्रिक भी लगा दी है। आपको याद दिला दें कि, GT की टीम आईपीएल 2026 में अपने पहले दोनों मैच हार गई थी। मगर उसने पिछले तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज करके पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर कब्जा जमा लिया है।
कोलकाता ने लगाया हार का पंजा
रहाणे के नेतृत्व में खेल रही कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड भी जुड़ गया है। यह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कोलकाता टीम की लगातार सातवीं हार रही। यह आईपीएल 2026 में KKR की 6 मैचों में पांचवीं हार है, जबकि उसका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। आपको बता दें कि, कोलकाता अब तक सीजन में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है।