पंजाब - पंजाब के युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच और वनडे सीरीज के लिए चुना गया। बराड़ को टेस्ट मैच में खेलने का मौका नहींमिला लेकिन वनडे क्रिकेट में भारत के लिए इस खिलाड़ी ने डेब्यू किया। इस युवा तेज गेंदबाज ने डेब्यू पर 3 विकेट चटकाए और फिर दूसरे मुकाबले में भी उतने ही विकेट हासिल किए।
7-8 साल तक नंबर-1 रहने वाले स्टेन को बताया प्रेरणा स्रोत
शानदार प्रदर्शन के बाद युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने अपने आइडल और साउथ अफ्रीका के पूर्व महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन को लेकर बात की है। बराड़ ने स्टेन की जमकर तारीफ की। इस युवा तेज गेंदबाज ने कहा कि, डेल स्टेन 7 से 8 सालों तक गेंदबाजी में नंबर वन रहे। जब वे भागते थे, तो ऐसा लगता था कि कुछ होने वाला है। बरार उनकी इस आक्रामकता से काफी प्रभावित हैं और उनकी तरह गेंदबाज बनना चाहते हैं।
मैं डेल स्टेन जैसा गेंदबाज बनना चाहता हूं - गुरनूर बराड़
उन्होंने अपने इस बयान में आगे कहा कि, मेरे पसंदीदा गेंदबाज डेल स्टेन हैं। 7-8 सालों तक वे नंबर वन बने रहे, जो बड़ी उपलब्धि है। इस तरह की निरंतरता बहुत ही कम देखने को मिलती है। उन्होंने सिर्फ विकेट ही नहीं लिए बल्कि बल्लेबाजों के मन में अपना खौफ भी पैदा कर दिया था। जब वे गेंदबाजी के लिए दौड़ते थे, तो ऐसालगता था कि कुछ न कुछ होने वाला है। मुझे उनका अंदाज बहुत पसंद है। वे सिर्फ विकेट नहीं लेना चाहते थे बल्कि दबदबा बनाना चाहते थे। मुझे उनका नजरिया बहुत पसंद है और मैं उनकी तरह ही गेंदबाज बनना चाहता हूं।
45 मिनट की नींद है बराड़ के प्रैक्टिस रूटीन का हिस्सा
युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने भारतीय टीम में अपने चयन को लेकर कहा कि, जब टीम का एलान हुआ, तो वे सो रहे थे और एक दोस्त ने उन्हें इसकी खबर दी थी।युवा तेज गेंदबाज ने कहा कि, हर प्रैक्टिस सेशन से पहले मैं 45 मिनट की नींद लेता हूं, ये मेरा रूटीन है। जिस दिन टीम की घोषणा हुई, उस दिन भी मैं सो रहा था। मेरे दोस्त का फोन आया और उसने बताया कि मेरा सेलेक्शन हो गया है। मुझे टेस्ट टीम में चुने जाने की उम्मीद थी लेकिन मेरा वनडे में सेलेक्शन हो गया। ये मेरे लिए एक जबरदस्त एहसास था और इसके लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मेरे माता-पिता ने फोन किया और वे भावुक हो गए।