मुंबई - हार्दिक पांड्या के दिन अच्छे नहीं चल रहे हैं। अभी आईपीएल का ये सीजन चल रहा है, लेकिन मुंबई इंडियंस का सफर बहुत पहले ही समाप्त हो गया था। बता दें कि, हार्दिक की कप्तानी में उतरी टीम कभी भी प्लेऑफ की दावेदारी पेश नहीं कर पाई। इस बीच खबर आ रही है कि जल्द ही टीम मैनेजमेंट की ओर से बड़ा फैसला लिया जा सकता है। पता चला है कि हार्दिक पांड्या से कप्तानी छीनी जा सकती है।
मुंबई के लिए आईपीएल का ये सीजन खराब रहा
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल का ये सीजन बहुत खराब रहा। वैसे तो पिछले तीन सीजन से टीम कुछ नहीं कर पा रही है, लेकिन अब हालत ये हो गई है कि टीम अंक तालिका में काफी नीचे चली गई है। टीम ने इस साल जो 14 लीग मैच खेले, उसमें से केवल चार में ही उसे जीत मिली और 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम ने आखिरी बार साल 2020 में आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। तब रोहित शर्मा टीम के कप्तान थे।
हार्दिक पांड्या से कप्तानी छीन ली जाएगी !
इस बीच ट्रॉफी बिना जीते छह साल का वक्त गुजर गया है। आईपीएल से आगाज से लेकर अब तक टीम ने इतना लंबा सूखा काफी नहीं झेला है। इस बीच टीम में बड़े बदलाव की खबरें सामने आ रही हैं। इसकी शुरुआत कप्तानी से हो सकती है। पता चला है कि हार्दिक पांड्या से कप्तानी छीन ली जाएगी और किसी दूसरे खिलाड़ी को कमान दी जाएगी।
अगले सीजन हार्दिक टीम की कप्तानी संभालेंगे !
टीम का सीजन तो बहुत पहले ही खत्म हो गया था। इसी बीच इस तरह की खबरें आनी शुरू हो गई थी कि टीम मैनेजमेंट अब और ज्यादा दिन तक हार्दिक को कप्तान नहीं बनाए रखना चाहता है। अब इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट सामने आई है, इसमें कहा गया है कि अगले सीजन हार्दिक टीम की कप्तानी संभालेंगे, इसकी संभावना बहुत कम है। रिपोर्ट में टीम के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि टीम में उनकी जगह पर भी चर्चा की जाएगी। पता चला है कि आने वाले दिनों में कुछ बड़े बदलाव दिखाई दे सकते हैं।