नई दिल्ली - हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भले ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच हार गई हो, लेकिन हरमनप्रीत कौर ने एक नया विश्व कीर्तिमान बना दिया है। अब न्यूजीलैंड की खिलाड़ी सुजी बेट्स को पछाड़कर कौर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। अब हरमन सीधे आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में खेलने के लिए उतरेंगी, जहां भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
हरमनप्रीत कौर ने इस मामले में रचा इतिहास
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि जैसे ही कप्तान हरमनप्रीत कौर मैदान पर उतरीं, उन्होंने इतिहास रच दिया। अब वे तीनों फॉर्मेट को मिलकर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन चुकी हैं।
हरमनप्रीत ने अबतक 164 वनडे,164 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं
हरमनप्रीत का ये 368वां मैच था। इससे पहले न्यूजीलैंड की सुजी वेट्स ने 367 मैच खेले थे। हरमनप्रीत कौर अब तक सात टेस्ट मैच, 164 वनडे और 164 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं। हरमनप्रीत कौर इससे पहले ही मिताली राज को पछाड़कर भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन चुकी हैं। मिताली राज ने अपने करियर में कुल मिलाकर 333 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।
हरमनप्रीत ने टीम इंडिया के लिए 2009 में डेब्यू किया
आपको बता दें कि, हरमनप्रीत कौर ने अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज साल 2009 में किया था, तब उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलने का मौका मिला था, उस वक्त टीम इंडिया की कप्तान तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी हुआ करती थी। हालांकि पहले मैच में कौर की बैटिंग नहीं आई, उससे पहले ही भारत ने पाकिस्तान को पीट दिया था।
हरमनप्रीत कौर ने 2014 में टेस्ट डेब्यू किया
इंग्लैंड के खिलाफ 10 नवंबर 2009 को वे पहली बार बैटिंग के लिए उतरीं, तब उन्होंने आठ रन बनाए थे। इसके बाद उसी साल हरमनप्रीत ने अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेल लिया था। साल 2014 में कौर को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला। तब से लेकर अब तक वे भारतीय टीम का हिस्सा बनी हुई हैं।