नई दिल्ली - भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। रविवार (21 जून) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरते ही वह दुनिया की पहली क्रिकेटर बन गईं, जिन्होंने 200 T20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। यह रिकॉर्ड अब तक किसी भी पुरुष या महिला क्रिकेटर के नाम दर्ज नहीं था।
17 साल लंबे करियर की बड़ी उपलब्धि
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान हासिल की गई यह उपलब्धि उनके लंबे और सफल अंतरराष्ट्रीय करियर की गवाही देती है। हरमनप्रीत ने साल 2009 में इंग्लैंड में खेले गए पहले महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया था। तब से लेकर अब तक वह भारतीय टीम की अहम खिलाड़ी और कप्तान बनी हुई हैं।
भारतीय क्रिकेट में लगातार मजबूत उपस्थिति
हरमनप्रीत कौर पिछले कई वर्षों से भारतीय महिला टीम की रीढ़ रही हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने कई अहम मुकाबले और टूर्नामेंट जीते हैं। वह न केवल बल्लेबाजी में योगदान देती हैं, बल्कि मैदान पर अपनी आक्रामक रणनीति और नेतृत्व क्षमता के लिए भी जानी जाती हैं।
पुरुष क्रिकेटरों से भी आगे निकलीं
अगर पुरुष क्रिकेट की बात करें तो अब तक सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने का रिकॉर्ड आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग के नाम है, जिन्होंने 163 मैच खेले हैं। वहीं भारत के पूर्व महान कप्तान रोहित शर्मा 159 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं और विराट कोहली 125 मैचों के साथ सूची में काफी पीछे हैं।
महिला क्रिकेट में नया कीर्तिमान
महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत अब 200 T20I मैचों के साथ दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी बन चुकी हैं। यह उपलब्धि उनके समर्पण, फिटनेस और लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बने रहने की क्षमता को दर्शाती है। यह रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल है। हरमनप्रीत कौर की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ीकी महिला क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और भारतीय महिला क्रिकेट के बढ़ते कद को और मजबूत करेगी।