नई दिल्ली - आईसीसी ने मेंस टेस्ट रैंकिंग का ताजा अपडेट जारी की है और बल्लेबाजों की लिस्ट में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इंग्लैंड के उप-कप्तान हैरी ब्रूक एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अपने ही साथी जो रूट से नंबर-1 की कुर्सी छीन ली है। ब्रूक इससे पहले दिसंबर 2024 में भी नंबर-1 पर पहुंचे थे। लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के पहले मैच ने रैंकिंग पलट दी। बता दें कि इंग्लैंड-न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मुकाबला लो-स्कोरिंग था, जिसे इंग्लैंड ने 115 रन से जीता।
हैरी ब्रूक को मिला रैंकिंग में फायदा
हैरी ब्रूक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में अहम अर्धशतक जड़ा था, जिसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला। वहीं पूर्व कप्तान जो रूट के लिए ये टेस्ट किसी बुरे सपने से कम नहीं था। रूट दोनों पारियों में मिलाकर सिर्फ 9 रन बना सके। पहली पारी में 1 और दूसरी पारी में 8 रन बनाकर वह आउट हुए। इस खराब प्रदर्शन के बाद आईसीसी टेस्ट बैटर्स रैंकिंग में वह सीधे नंबर-1 से नंबर-3 पर खिसक गए हैं।
रूट के पास वापसी का मौका होगा
उनके इस खराब प्रदर्शन का फायदा ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रेविस हेड को मिला है। हेड अब दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। यानी टॉप-3 में अब ब्रूक पहले, हेड दूसरे और रूट तीसरे नंबर पर हैं। बता दें कि इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 17 जून से द ओवल में खेला जाएगा। रूट के पास वापसी का मौका होगा।
अफगानिस्तान के खिलाफ शुभमन गिल का बल्ला गरजा
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल का बल्ला गरजा। उन्होंने शानदार शतक लगाया और टीम की जीत में अहम योगदान दिया। उस शतक से गिल को आईसीसी टेस्ट बैटर्स रैंकिंग में 2 पायदान का फायदा हुआ है। वो अब 8वें नंबर पर पहुंच गए हैं। कुलदीप यादव को बॉलर्स रैंकिंग में एक स्थान का फायदा हुआ और वह 14वें पायदान पर पहुंचे।
वॉशिंगटन सुंदर ने लंबी छलांग लगाई है
वहीं ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने भी लंबी छलांग लगाई है। वह ऑलराउंडर्स रैंकिंग में 2 स्थान के फायदे के साथ 9वें स्थान पर पहुंच गए। इंग्लैंड के बेन डकेट 3 पायदान चढ़कर 15वें और विकेटकीपर जेमी स्मिथ 5 जगह की छलांग लगाकर 23वें नंबर पर आ गए हैं। न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स को भी 15 स्थान का फायदा हुआ और वो 40वें नंबर पर पहुंच गए।
गेंदबाज गस एटकिंसन ने चमक बिखेरी
आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के युवा तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने चमक बिखेरी। एटकिंसन 7 पायदान की छलांग लगाकर 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। साथ ही ऑलराउंडर्स की लिस्ट में भी वो 2 पायदान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर आ गए हैं।